भारत के युवा बैडमिंटन खिलाड़ी मेइराबा लुवांग ने अपनी शीर्ष वरीयता के अनुरूप प्रदर्शन करते हुए रविवार को बांग्लादेश जूनियर इंटरनेशनल सीरीज 2019 का खिताब अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ ही उन्होंने दो महीने में अपनी दूसरी ट्रॉफी जीत ली।
इससे पहले उन्होंने पिछले महीने वोनचियोन योनेक्स कोरिया जूनियर ओपन इंटरनेशलन चैलेंज में लड़कों का एकल अंडर-19 खिताब जीता था। शीर्ष वरीय मेइराबा ने मात्र 38 मिनट में ही मुकाबला जीतकर खिताब पर कब्जा जमा लिया। मणिपुर के इस खिलाड़ी ने मलयेशिया के केन योंग ओंग को 21-14 21-18 से शिकस्त दी। मेइराबा ने सेमीफाइनल में एक और मलेशियाई एम फाजरिक मोहम्मद रिजवी को हराया था। वह मुख्य ड्रा में पांच में से एक भारतीय थे।