भारत के उभरते हुए बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन 13 अक्तूबर से शुरू हो रहे डेनमार्क ओपन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस टूर्नामेंट के साथ ही अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन की वापसी होगी। उन्होंने कहा,‘यह निराशाजनक रहा क्योंकि वायरस के कारण कोई टूर्नामेंट नहीं हो रहा था। यह हालांकि सभी के लिए एक जैसा है। अब डेनमार्क ओपन हो रहा है ऐसे में मुझे उम्मीद है कि हमें खेलने को मिलेगा। मुझे खेल के लिए सामान्य होने में दो सप्ताह लग गए। अब मैं अपना सर्वश्रेष्ठ देने और जो भी होगा उसका सामना करने के लिए तैयार हूं। यह सभी के लिए सात माह में पहली प्रतियोगिता है, इसलिए मैं कुछ भी उम्मीद नहीं कर सकता हूं।’ लक्ष्य अपने अभियान की शुरुआत फ्रांस के क्रिटो पोपोव के खिलाफ करेंगे, जिन्होंने पिछले साल विश्व जूनियर चैंपियनशिप में अपने देश के लिए पहला पदक जीता था।