भारत के उभरते हुए बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने डच ओपन सुपर 100 टूर्नामेंट के पुरूष एकल के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। सेमीफाइनल में लक्ष्य ने मात्र 33 मिनट के खेल में स्वीडन के फेलिक्स बुरेस्टेट को सीधे सेटों में 21-12, 21-9 से शिकस्त दी।
इससे पहले क्वार्टरफाइनल मुकाबले में लक्ष्य ने हमवतन बी एम राहुल भारद्वाज को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया था। उन्होंने भारद्वाज को 37 मिनट के खेल में सीधे सेटों में 21-9, 21-16 से हराया।
अलमोड़ा के 18 वर्षीय सेन ने पिछले महीने ही बेल्जियम ओपन का खिताब जीता था। एशियाई जूनियर चैम्पियन, युवा ओलंपिक खेलों के रजत और विश्व जूनियर चैम्पियनशिप के कांस्य पदक विजेता लक्ष्य अब फाइनल जीतकर खिताब अपने नाम करना चाहेंगे।