भारतीय बैडमिटन खिलाड़ी सौरभ वर्मा और पी. कश्यप कोरिया मास्टर्स टूर्नामेंट के पहले ही दौर में बाहर हो गए। ग्वांगझू में जारी इस टूर्नामेंट में दोनों खिलाड़ियों को बुधवार को खेले गए पुरुष सिंगल्स वर्ग के पहले दौर के मुकाबलों में हार झेलनी पड़ी।
दुनिया के 52 नंबर के खिलाड़ी कश्यप को स्थानीय खिलाड़ी ली डोंग कुन से हारकर बाहर होना पड़ा। डोंग ने कश्यप को एक घंटे, 19 मिनट तक चले मुकाबले में 21-17, 13-21, 21-8 से हराकर बाहर का रास्ता दिखाया। डोंग विश्व वरीयता में 22 नंबर के खिलाड़ी हैं।
सौरभ को फिनलैंड के खिलाड़ी एतु हेइनो ने शिकस्त दी. सौरव को 50वीं विश्व वरीयता हासिल है। एतु हेइनो ने 50 मिनट तक चले मुकाबले में भारतीय खिलाड़ी को 13-21, 21-12, 18-21 से मात दी। सौरभ और कश्यप की हार के साथ ही इस टूर्नामेंट के पुरुष सिंगल्स वर्ग में भारतीय चुनौती समाप्त हो गई है।
कश्यप और सौरभ 12 दिसंबर से शुरू हो रही प्रीमियर बैडमिंटन लीग में क्रमश: चेन्नई स्मैशर्स और अहमदाबाद स्मैश मास्टर्स का प्रतिनिधित्व करेंगे।