भारत के किदांबी श्रीकांत कनाडा ओपन सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं। श्रीकांत ने पुरुष एकल वर्ग में तीनी ताइपे के वांग पो वेई को सीधे गेम में हराया। विश्व चैंपियनशिप 2021 के रजत पदक विजेता और 2022 थॉमस कप विजेता श्रीकांत ने दुनिया के 71वें नंबर के खिलाड़ी वांग को 21-19, 21-12 से शिकस्त दी।
विज्ञापन
इस साल मई में मलयेशिया मास्टर्स के फाइनल में पहुंचने वाले दुनिया के 49वें नंबर के खिलाड़ी श्रीकांत का सामना अब चीनी ताइपे के शीर्ष वरीय चोउ टिएन चेन से हो सकता है। शुरुआती गेम में श्रीकांत ज्यादातर समय पीछे चल रहे थे और उन्होंने 5-11 के स्कोर से वापसी करते हुए स्कोर 18-18 किया। इसके बाद उन्होंने अगले चार प्वाइंट हासिल किए।
दूसरे गेम में वांग ने 6-1 की बढ़त बना ली थी, लेकिन श्रीकांत ने सात अंक अपने नाम कर स्कोर 8-6 किया और मैच का रुख पलट दिया। चीनी ताइपे के खिलाड़ी ने फिर वापसी की और स्कोर 13-10 किया, लेकिन श्रीकांत ने भी हार नहीं मानी और नौ प्वाइंट लेकर मैच वांग के हाथों से दूर कर दिया।