वर्ष 2017 में चार खिताब जीतने वाले श्रीकांत 2018 में कोई खिताब नहीं जीत पाए। उन्होंने अपना पिछला खिताब 2017 में फ्रेंच ओपन के रूप में जीता था। गुंटूर के 26 साल के श्रीकांत अपने अभियान की शुरुआत हांगकांग के वोंग विंग की विन्सेंट के खिलाफ करेंगे और बाद में उन्हें हमवतन भारतीय समीर वर्मा या बी साई प्रणीत का सामना करना पड़ सकता है क्योंकि ये तीनों ड्रॉ के एक ही हाफ में हैं।
विश्व टूर फाइनल्स के सेमीफाइनल में पहुंचे पांचवें वरीय समीर अपने अभियान की शुरुआत डेनमार्क के रासमस गेम्के के खिलाफ करेंगे जबकि प्रणीत का सामना क्वालीफायर से होगा। आरएमवी गुरुसाईदत्त भी इसी हाफ में हैं और उन्हें पहले दौर में थाईलैंड के सितिकोम थामसिन से भिड़ना है। पुरुष एकल में इसके अलावा एचएस प्रणय, शुभंकर डे, अजय जयराम और पारूपल्ली कश्यप भी भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
एशियाई मिश्रित टीम चैंपियनशिप में हिस्सा लेने के बाद यहां खेल रहे प्रणय का सामना पहले दौर में थाईलैंड के आठवें वरीय केंताफोन वांगचेरोन से होगा जबकि शुभंकर को इंडोनेशिया के चौथे वरीय टोमी सुगियार्तो से भिड़ना है। अपने करियर के दौरान चोटों से जूझते रहे अजय और कश्यप पहले दौर में क्रमश: चीनी ताइपे के वैंग जू वेई और हांगकांग के ली च्युक यियू से भिड़ेंगे।
पुरुष युगल में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी टूर्नामेंट से हट गई है क्योंकि शेट्टी कंधे की चोट से उबरने में नाकाम रहे हैं। उनकी गैरमौजूदगी में मनु अत्री और बी सुमित रेड्डी की छठी वरीय जोड़ी भारत की चुनौती की अगुआई करेगी। अर्जुन एमआर और रामचंद्रन श्लोक तथा अरूण जार्ज और संयम शुक्ला की जोड़ी भी भारत का प्रतिनिधित्व करेगी। महिला युगल में अश्विनी पोनप्पा और एन सिक्की रेड्डी तथा मेघना जक्कमपुडी और पूर्विशा एस राम की जोड़ी मैदान में होगी। मिश्रित युगल में प्रणव जैरी चोपड़ा और सिक्की से उम्मीदें होंगी।