केंटो मोमोता विश्व बैडमिंटन चैंपियनिशप का खिताब जीतने वाले पहले जापानी पुरुष खिलाड़ी बन गए। 23 वर्षीय मोमोता ने फाइनल मुकाबले में चीन के उदीयमान खिलाड़ी शी युकी को आसानी से 21-11, 21-13 से मात देकर यह उपलब्धि हासिल की।
मोमोता अपने करियर के शुरू में ही तब विवादों से घिर गए थे जब 2016 में जापानी बैडमिंटन संघ के प्रमुख ने उन्हें अवैध कैसिनो में जाने के लिए एक साल के लिए निलंबित कर दिया था। इस कारण वह रियो ओलंपिक में नहीं खेल पाए थे। मोमोता तब दुनिया के दूसरे नंबर के खिलाड़ी थे। उन्होंने प्रतिबंध के बाद अपने खेल पर काम किया और शानदार वापसी की। अभी वह बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हैं।