भारत के स्टार बैडमिंटन प्लेयर किदाम्बी श्रीकांत ने इंडोनेशिया ओपन के फाइनल में जगह बना ली है। श्रीकांत ने सेमीफाइल में वर्ल्ड नंबर 1 सोन वान हो को मात दी। एचएस प्रणॉय की हार के बाद श्रीकांत टूर्नामेंट में भारत की एकमात्र उम्मीद थे। श्रीकांत और वान हो के बीच हुए पिछले 4 मुकाबलों में दक्षिण कोरियाई खिलाड़ी को ही जीत मिली थी। फाइनल में श्रीकांत का मुकाबला जापान के शटलर काजुमासा साकाई से होगा।
पहले सेट में श्रीकांत ने 11-6 की बढ़त बना ली, जो बाद में 19-13 की हो गई। श्रीकांत ने पहले सेट में 21-15 से जीत दर्ज की। दूसरे सेट में सोन वान हो ने जोरदार वापसी की, मगर श्रीकांत ने बराबर खेल बनाए रखा और गेम 13-13 की बराबरी पर पहुंच गया। हालांकि इसके बाद वान हो ने भारतीय शटलर को वापसी करने का मौका नहीं दिया और सेट को 21-14 से अपने नाम किया।
तीसरे और निर्णायक सेट में कांटे की टक्कर हुई। 16-16 की बराबरी पहुंचने के बाद स्कोर 22-22 पर आ गया। मगर इसके बाद श्रीकांत ने जोरदार वापसी की और 24-22 से सेट के साथ मैच भी अपने नाम किया। श्रीकांत ने सोन वान हो को 21-15, 14-21, 24-22 से मात देकर इंडोनेशियन ओपन के फाइनल का टिकट पक्का किया। काजुमासा साकाई ने भारत के एचएस प्रणॉय को 21-17, 26-28, 18-21 से हराया था।