भारतीय शटलर अजय जयराम, मिथुन मंजूनाथ और रितुपर्णा दास ने अपना शानदार सफर जारी रखते हुए गुरुवार को वियतनाम ओपन बैडमिंटन टूर सुपर 100 टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। जयराम ने दूसरे दौर में ब्राजील के यगोर कोएल्हो को मात्र 34 मिनट में 22-20,21-14 से मात दी।
अगले दौर में तीस वर्षीय जयराम का सामना कनाडा के शियोदोंग शिनेग से होगा। पूर्व राष्ट्रीय चैंपियन रितुपर्णा ने चीनी ताइपे की सुंग शुयो युग को 21-8,21-14 से मात देकर थाईलैंड की फितायापोर्न चाईवान से भिड़ने का हक पाया।
रूस ओपन के सेमीफाइनल तक का सफर तय करने वाले युवा मिथुन ने थाईलैंड के अदुलरच नामकुल को 56 मिनट तक चले मुकाबले में 18-21,21-13,21-19 से पराजित किया। अगले दौर में मिथुन को चीन के झोऊ जेकी की चुनौती से पार पाना होगा। कार्तिक जिंदल को शिकस्त का सामना करना पड़ा।