कोरिया ओपन का खिताब जीतने वालीं दुनिया की चौथे नंबर की खिलाड़ी पीवी सिंधू जापान ओपन सुपर सीरीज के प्री क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई हैं। जबकि साइना नेहवाल और किदांबी श्रीकांत भी अपने-अपने मुकाबले जीतकर दूसरे दौर में प्रवेश कर गए। यूएस ओपन ग्रां प्री जीतने वाले एचएस प्रणय और समीर वर्मा भी पहला मैच जीतने में सफल रहे जबकि सौरभ वर्मा और बी एस प्रणीत को हार का सामना करना पड़ा।
सिंधू ने पहले दौर में जापान की दुनिया की 19वें नंबर की खिलाड़ी मिन्तसु मितानी को12-21, 21-15, 21-17 से हराया। वहीं साइना ने पहले दौर में थाईलैंड की पोर्नपावी चोचुवोंग को 21-17, 21-9 से हराकर जीत से शुरुआत की। साइना ने पोर्नपावी को 39 मिनट में दी मात। इंडोनेशिया और ऑस्ट्रेलिया में लगातार दो खिताब जीतने वाले किदांबी श्रीकांत ने विश्व के दसवें नंबर के खिलाड़ी चीन के तियान हुवेई को 21-15, 12-21, 21-11 से पराजित किया।
सैयद मोदी ग्रां प्री गोल्ड जीतने वाले समीर वर्मा ने थाईलैंड के कोसिथ फेट्रादाब को 21-12, 21-19, से और एच एस प्रणय ने डेनमार्क के आंद्रेस एंटोनसेन को सीधे गेमों में 21-12, 21-14 से मात दी। समीर के बड़े भाई सौरभ को सातवीं वरीय और दो बार ओलंपिक चैंपियन रह चुके चीन के लिन डान ने 21-11, 15-21, 13-21 से मात दी। वहीं प्रणीत को कोरियाई खिलाड़ी ली डोंग कियून ने 21-23, 21-17, 21-14 से मात देकर बाहर कर दिया।
मिश्रित युगल में सात्विक साईराज रेनकिरेड्डी और अश्विन पोनप्पा की जोड़ी ने थाईलैंड के टिन इसरियानेत और पाचारपुन को 21-17, 21-13 से हराया। हालांकि युगल में सात्विक और चिराग शेट्टी को माकर्स फर्नाल्डी और केविन संजया की जोड़ी से 25-27, 15-21 से हार का सामना करना पड़ा। मनु अत्री और बी सुमित रेड्डी भी हारकर बाहर हो गए।
साइना का दूसरे दौर में मारिन से मुकाबला
ग्लासगो में हुई विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने वाली लंदन ओलंपिक कांस्य पदक विजेता साइना का अब गत ओलंपिक चैंपियन स्पेन की कैरोलिना मारिन से मुकाबला होगा। साइना ने मांसपेशियों में खिंचाव के कारण कोरिया ओपन में हिस्सा नहीं लिया था लेकिन थोड़े विश्राम के बाद लौटीं साइना लय में नजर आईं। साइना का मारिन के खिलाफ 4-3 का रिकॉर्ड है। पिछली चार आपसी मुकाबले में साइना उनसे तीन बार हारी हैं।