भारतीय बैंडमिंटन स्टार साइना नेहवाल ने जापान ओपन के शुरू होने से ठीक पहले अपना नाम वापस ले लिया है। कहा जा रहा है कि फिटनेस की समस्याओं के चलते साइना जापान ओपन में भाग नही लेंगी। वह अगले महीने होने वाले विश्व चैंपियन की तैयारी में जुटी हैं और अपने फिटनेस पर काम कर रही हैं। खराब फिटनेस के चलते वह इंडोनेशिया ओपन में भी भाग नहीं ले पाई थीं। आठवीं वरीयता प्राप्त साइना इकलौती भारतीय हैं, जिन्होंने मौजूदा सत्र में खिताब जीता है।
सत्र के पहले खिताब की तलाश कर रही भारतीय शटलर पीवी सिंधु मंगलवार से शुरू हो रही जापान ओपन बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर सुपर 750 बैडमिंटन चैंपियनशिप को जीतकर इसे पूरा करना चाहेंगी। सिंधु को रविवार को इंडोनेशिया ओपन के फाइनल में जापान की अकाने यामागुची के हाथों शिकस्त का सामना करना पड़ा था।
रियो ओलंपिक की रजत पदक विजेता सिंधु इस कसक को जापान में पूरा करना चाहेंगी। सिंधु अपने अभियान की शुरुआत चीन की हान यूई के खिलाफ करेंगी। दूसरे दौर में उनका सामना स्कॉटलैंड की क्रिस्टी गिलमोर या जापान की आया ओहोरी से होगा। पांचवीं वरीयता प्राप्त यह भारतीय खिलाड़ी इंडोनेशिया में यामागुची से मिली शिकस्त का बदला क्वार्टर फाइनल में ले सकती हैं।