प्रणव जेरी चोपड़ा और एन सिक्की रेड्डी की मिश्रित युगल में हार के साथ जापान ओपन सुपर सीरीज में भारतीय चुनौती समाप्त हो गई। प्रणव और एन सिक्की सेमीफाइनल में मेजबान जापान की ताकुरो होकी और सायका हिरोता की जोड़ी के हाथों 21-14, 15521, 19-21 से पराजित हो गई। साठ मिनट तक चले मुकाबले में भारतीय जोड़ी ने कड़ा मुकाबला किया और शुरुआत में 7-4 की बढ़त बना ली थी लेकिन जापानी जोड़ी ने वापसी करते हुए 9-9 से बराबरी कर ली।
भारतीय जोड़ी ने इसके बाद फिर बढ़त बनाते हुए पहला गेम अपने नाम कर लिया था। ताकुरो और सायका ने दूसरे गेम में गियर बदलते हुए 4-1 की बढ़त बनाई ब्रेक के समय 11-8 की बढ़त बना ली थी। प्रणव और सिक्की ने अंतराल कम करते स्कोर 13-15 किया लेकिन मेजबान खिलाड़ियों ने फिर अपना दबदबा कायम कर दूसरा गेम जीतकर मैच में वापसी कर ली। निर्णायक गेम में फिर कड़ा मुकाबला देखने को मिला। दोनों जोड़ियों ने 8-8 के स्कोर तक जबर्दस्त संघर्ष किया लेकिन उसके बाद ताकुरो-सायका ने 13-9 की बढ़त बना ली। भारतीय जोड़ी ने भी हिम्मत नहीं हारी लेकिन अंतत: नजदीकी मुकाबले में उसे हार का सामना करना पड़ा।