गत चैंपियन किदांबी श्रीकांत के लिए मंगलवार से यहां शुरू हो रहे इंडोनेशिया ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप के पहले दौर में शानदार फॉर्म में चल रहे जापानी खिलाड़ी केंतो मोमोता की चुनौती से पार पाना आसान नहीं होगा।
तीन दिन पहले ही 22 वर्षीय मोमोता ने श्रीकांत को शिकस्त देकर मलयेशिया ओपन के फाइनल में जगह बनाई थी जहां वह उपविजेता रहे थे। सात माह के प्रतिबंध के बाद कोर्ट पर वापसी करने वाले मोमोता के 21 मैचों से चले आ रहे विजय अभियान को रविवार को मलयेशिया के ली चोंग वेई ने रोका।
ओलंपिक की रजत पदक विजेता पीवी सिंधु का पहले दौर में सामना थाईलैंड की पोर्नापवी चोचूवोंग से होगा। राष्ट्रमंडल खेलों की रजत पदक विजेता को मलयेशिया ओपन के सेमीफाइनल में दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी ताइवान की ताई जू यिंग के हाथों शिकस्त का सामना करना पड़ा था।
वहीं दो बार की राष्ट्रमंडल खेलों की चैंपियन साइना नेहवाल अपने अभियान की शुरुआत स्थानीय खिलाड़ी दिनार दयाह अयुस्तिन के खिलाफ करेंगी। इनके अलावा 16 वर्षीय वैष्णवी रेड्डी, एचएस प्रणय, बीसाई प्रणीत और समीर वर्मा भी एकल में चुनौती पेश करेंगे। पुरुष युगल में सात्विकसाईराज व चिराग शेट्टी और मनु अत्री व बी सुमित तो महिलाओं में जे मेघना और पूर्विश आर राम की जोड़ी भी दम दिखाने को तैयार हैं।
-09 मैच अब तक श्रीकांत और मोमोता के बीच खेले गए हैं जिसमें भारतीय खिलाड़ी को छह बार शिकस्त मिली है