देश की दो शीर्ष शटलर पीवी सिंधु और साइना नेहवाल एक बार फिर राष्ट्रीय चैंपियन बनने के लिए शनिवार को सामने-सामने होंगी। रियो ओलंपिक की रजत पदक विजेता सिंधु ने 38 मिनट तक चले सेमीफाइनल मुकाबले में असम की 19 वर्षीय अश्मिता चालिहा को 21-10, 22-20 से, जबकि गत चैंपियन साइना ने नागपुर की वैष्णवी भाले को 36 मिनट में 21-15, 21-14 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया था।
नागपुर में पिछले में साइना ने सिंधु को हराकर ट्रॉफी जीती थी। दोनों दूसरी बार राष्ट्रीय चैंपियनशिप में आमने-सामने होंगी। साइना (2006, 2007, 2018) तीन बार, जबकि सिंधु (2011, 2013) ने दो बार यह खिताब जीता है।
पिछले साल साइना ने राष्ट्रीय चैंपियनशिप के अलावा राष्ट्रमंडल खेलों के फाइनल में भी सिंधु को मात देकर स्वर्ण पदक जीता था। साइना ने इससे पहले क्वार्टर फाइनल में देश की पूर्व नंबर एक खिलाड़ी मुंबई की नेहा पंडित को मात्र 24 मिनट में 21-10, 21-10 से हराया था।
-02 दूसरी बार राष्ट्रीय चैंपियनशिप के फाइनल में आमने-सामने होंगी दोनों। पिछले साल नागपुर में साइना ने सिंधु को मात दी थी
-03 बार साइना तो दो बार सिंधु इस ट्रॉफी पर कब्जा कर चुकी हैं
-06 साल से यह खिताब नहीं जीता है सिंधु ने। वह आखिरी बार 2013 में चैंपियन बनीं थीं
-04 मुकाबले अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दोनों ने खेले हैं, जिसमें से साइना ने तीन और सिंधु ने एक जीता है। दोनों की पिछली भिड़ंत गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों में हुई थी जहां साइना ने सिंधु को हराकर स्वर्ण पदक जीता था