भारत के उभरते हुए बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने पना पहला बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर खिताब जीत लिया। रविवार को खेले गए डच ओपन के फाइनल मुकाबले में लक्ष्य ने पहला सेट गंवाने के बाद दमदार वापसी की और आखिरी के दोनों सेट जीतकर अपना पहला बीडब्ल्यूएफ सुपर-100 का खिताब जीत लिया।
72वीं रैंकिंग वाले लक्ष्य ने जापान के 160 रैंक के खिलाड़ी युसूके ओनोडेरा को 15-21, 21-14 और 21-15 से हराया। अल्मोड़ा के लक्ष्य की यह इस सत्र की दूसरी, जबकि करिअर की छठी ट्रॉफी है। उन्होंने पिछले महीने ही बेल्जियम ओपन जीता था। डच ओपन बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर सुपर 100 टूर्नामेंट है।
इससे पहले लक्ष्य ने पिछले महीने ही बेल्जियम अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट का खिताब जीता था। प्रकाश पादुकोण अकादमी के 18 वर्षीय खिलाड़ी लक्ष्य अब तक एशियाई जूनियर चैंपियनशिप का खिताब जीतने के साथ ही युवा ओलंपिक में रजत और विश्व जूनियर चैंपियनशिप में कांस्य पदक भी जीत चुके हैं।