भारत में यदि किसी खेल प्रेमी से बैडमिंटन स्टार के बारे में पूछा जाए तो लोगों के जहन में पहला नाम ओलंपिक पदक विजेता साइना नेहवाल और पीवी सिंधू का नाम आता है। इन दो महिला खिलाड़ियों ने केवल चीनी वर्चस्व को तोड़ा बल्कि विश्व बैडमिंटन में भारत की अलग पहचान बनाई। लेकिन भारत के पुरुष खिलाड़ी भी अब वर्ल्ड बैडमिंटन में अपनी चमक बिखेर रहे हैं। वर्तमान में पुरुष वर्ग में भारत का सबसे चमकता सितारा किदांबी श्रीकांत हैं।
शुक्रवार को जारी हुई नई विश्वरैंकिंग में श्रीकांत ने पहली बार टॉप 10 में जगह बनाई। लेकिन इसके साथ ही भारत ने एक नया इतिहास रच दिया। दुनियाभर में बैडमिंटन के पावरहाउस के रूप में पहचान रखने वाले चीन की ताकत कुछ कम होती जा रही है। वर्ल्ड बैडमिंटन की नई रैंकिंग के पुरुष वर्ग में भारत के सबसे ज्यादा शटलर टॉप 100 खिलाड़ियों में शामिल हो गए हैं। पहली बार इनती बड़ी संख्या में भारतीय खिलाड़ी टॉप 100 में पहुंचे हैं।
चीन भारतीय बैडमिंटन के सामने पिछड़ता दिख रहा है। टॉप 100 खिलाड़ियों में भारत के सबसे ज्यादा 14 खिलाड़ियोंको जगह मिली है। भारत के बाद दूसरे स्थान पर इंडोनेशिया के 9 खिलाड़ी हैं। 8 खिलाड़ियों के साथ डेनमार्क तीसरे स्थान पर है। वहीं चीन 7 खिलाड़ियों के साथ चौथे स्थान पर है। भारतीय खिलाड़ी चीन की तुलना में दुगनी संख्या में हैं। दोनों के बीच तीन पायदान का अंतर भी है। ऐसे में भारत बैडमिंटन की दुनिया में नए पावरहाउस के रूप में उभरता दिखाई दे रहा है।
हाल ही में लगातार दो सुपर सीरीज खिताब जीतने वाले किदांबी श्रीकांत के साथ-साथ बी साईं प्रणीत और एचएस प्रणॉय जैसे खिलाड़ी पुरुष वर्ग में भारतीय परचनम लहरा रहे हैं। नई जारी रैंकिंग में किदांबी श्रीकांत 8वें पायदान पर हैं। वहीं बी साई प्रणीत 15वें, अजय जयराम 16वें, एचएस प्रणॉय 23वें, समीर वर्मा 33वें और सौरभ वर्मा 35वें स्थान पर हैं।
टॉप 25 में चीन के 7 में से 6 खिलाड़ी हैं और भारत के 4। लेकिन टॉप 50 में चीन के 7 और भारत के 6 खिलाड़ी हैं। 50 रैंक के बाद भारत के आठ खिलाड़ी हैं जिसमें लंदन ओलंपिक के क्वार्टरफाइनलिस्ट पी कश्यप 60वें स्थान पर हैं। उनके अलावा विश्व के नंबर एक जूनियर खिलाड़ी रह चुके सिरिल वर्मा 80 और आदित्य जोशी 98 वें स्थान पर हैं।इनके अलावा प्प्रतुल जोशी 66, शुभंकर डे 73, आनंद पवार 86, अभिषेक येलेंगर 89, हर्षील दानी 96 वें स्थान पर हैं। इसका मतलब भारत के युवा खिलाड़ी चीनी खिलाड़ियों पर शुरुआती बढ़त बनाए हुए हैं। ये खिलाड़ी आने वाले समय में निश्चित तौर पर टॉप टेन की तरफ बढ़ेंगे।
टॉप 100 में भारतीय पुरुष खिलाड़ी
किदांबी श्रीकांत 8
बी साई प्रणीत 15
अजय जयराम 16
एचएस प्रणॉय 23
समीर वर्मा 33
सौरभ वर्मा 35
पी कश्यप 60
प्रतुल जोशी 66
शुभंकर डे 73
सिरिल वर्मा 80
आनंद पवार 86
अभिषेक येलेंगर 89
हर्षील दानी 96
आदित्य जोशी 98