उड़ी आतंकी हमले के बाद भारत पाकिस्तान के बीच संबंध लगातार तल्ख होते जा रहे हैं। पहले अहमदाबाद में होने वाले कबड्डी विश्वकप के लिए पाकिस्तानी टीम को भारत आने की अनुमति नहीं दी गई। इसके बाद बीसीसीआई ने अगले साल चैंपियंस ट्रॉफी में भारत-पाकिस्तान को एक ग्रुप में नहीं रखने की अपील कर डाली, लेकिन अब यह बात बैडमिंटन कोर्ट तक पहुंच गई है। अब भारतीय बैडमिंटन संघ (बीएआई) ने पाकिस्तान इंटरनैशनल सीरीज में भाग लेने से इनकार कर दिया है। इसका आयोजन 18 से 21 अक्टूबर के बीच पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में होना है।
बीएआई के अध्यक्ष अखिलेश दास गुप्ता ने प्रेस रिलीज जारी कर बताया कि कोई भी भारतीय खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं लेगा। एसोसिएशन ने उड़ी हमले के बाद दोनों देशों के बीच जारी तनावपूर्ण माहौल के मद्देनजर यह निर्णय लिया है। गुप्ता ने कहा, देश के नागरिकों की भावनाओं को ध्यान में रखकर बैडमिंटन से जुड़े लोगों और भारतीय बैडमिंटन संघ ने अपनी टीम को पाकिस्तान नहीं भेजने का निर्णय लिया है।