भारत की अंकिता रैना ने दुनिया के 29वें नंबर की खिलाड़ी वांग किआंग के खिलाफ जबरदस्त प्रदर्शन किया, लेकिन बावजूद उन्हें चीनी खिलाड़ी के हाथों हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही पहले दिन मंगलवार को चीन ने दुबई में चल रहे फेड कप एशिया-ओसियाना महिला टेनिस टूर्नामेंट के शुरुआती लीग मैच में भारत के खिलाफ 2-0 की अजेय बढ़त ले ली।
दुनिया में 160वें स्थान पर काबिज 27 वर्षीय अंकिता ने दो घंटे और 24 मिनट तक चले मुकाबले में वांग को कड़ी टक्कर दी और पहला गेम जीतने में सफल भी रहीं लेकिन अंततः चीनी खिलाड़ी ने 1-6, 6-2, 6-4 से जीत दर्ज की। इससे पहले अन्य एकल मुकाबले में 35वें नंबर की शुआई झांग ने चीन के लिए एक मजबूत शुरुआत की और भारत की 433 वें स्थान की रुतुजा भोसले को 6-4, 6-2 से हराया।
हार के बावजूद भारतीय टीम को अभी राउंड रॉबिन लीग में उज्बेकिस्तान, कोरिया, चीनी ताइपे और इंडोनेशिया के खिलाफ चार मैच खेलने होंगे।