इंडिया ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप में कोरोना का कहर जारी है। सेमीफाइनल राउंड के मैच से पहले मिश्रित युगल के दो खिलाड़ियों ने टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लिया है। रूस के रोडिओन अलिमोव कोरोना से संक्रमित पाए गए और उन्होंने टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लिया है। उनकी साथी अलीना अलीना भी करीबी संपर्क में थी और उन्होंने भी इस टूर्नामेंट में अपना नाम वापस ले लिया है। इन दोनों खिलाड़ियों के बाहर होने से इंडोनेशिया के यंग काई और वी हान की जोड़ी फाइनल में पहुंच गई है।
टूर्नामेंट के आयोजक पहले ही यह साफ कर चुके हैं कि कोरोना की वजह से टूर्नामेंट से बाहर होने वाले खिलाड़ियों के मैच फिर से नहीं तय किए जाएंगे। उनके खिलाफ जिन खिलाड़ियों का मैच होना है, उन्हें जीता घोषित किया जाएगा और वो सीधे अगले दौर में प्रवेश कर जाएंगे।
विश्व बैडमिंटन संघ ने अपने आधिकारिक बयान में बताया कि मौजूदा ड्रॉ में से एक खिलाड़ी कोरोना संक्रमित पाया गया है। उनकी मिश्रित युगल की साथी भी करीबी संपर्क में थी और दोनों ने टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लिया है। उनके विरोधी अब सीधे फाइनल मैच में खेलेंगे।
पहले ही नाम वापस ले चुके हैं सात खिलाड़ी
इंडिया ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट की शुरुआत होने के साथ ही यहां कोविड-19 के कई मामले सामने आए थे। विश्व बैडमिंटन संघ ने बताया था कि सात खिलाड़ियों ने कोरोना संक्रमित होने की वजह से टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लिया था। इसमें किदांबी श्रीकांत, अश्विनी पोनप्पा, रितिका राहुल ठकर, तरिसा जॉली, मिथुन मंजूनाथ, सिमरन अमन सिंह और खुशी गुप्ता शामिल थे। अब सेमीफाइनल राउंड शुरु होने से पहले फिर इस टूर्नामेंट में कोरोना के मामले सामने आए हैं। यह टूर्नामेंट शुरू होने से पहले साई प्रणीत और ध्रुव रावत भी पॉजिटिव पाए गए थे। इंग्लैंड की टीम ने कुछ खिलाड़ियों ने भी संक्रमित होने के बाद टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही नाम वापस ले लिया था।
सेमीफाइनल में पहुंचे लक्ष्य और सिंधू
लक्ष्य सेन, चिराग सात्विक की जोड़ी सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है। वहीं शीर्ष वरीयता प्राप्त पीवी सिंधू भी महिला सिंगल्स के सेमीफाइनल में पहुंच गई हैं। 20 साल की मालविका बनसोड ने साइना नेहवाल को हराकर बड़ा उलटफेर किया था। इस हार के साथ ही साइना टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी हैं।
सत्र के पहले बैडमिंटन टूर्नामेंट इंडिया ओपन का आयोजन राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में इंदिरा गांधी स्टेडियम के केडी जाधव इंडोर हॉल में हो रहा है। कोरोना के खतरे को देखते हुए कई पाबंदियां लगाई गई हैं जिसमें दर्शकों की एंट्री पर भी बैन है। कोविड-19 प्रोटोकॉल के तहत टूर्नामेंट से जुड़े हर खिलाड़ी की रोजाना जांच होगी।