दूसरे गेम में सिंधु ने अच्छी शुरुआत की। उन्होंने 4-1 की बढ़त बनाई और ब्रेक तक 11-4 से आगे थी। डेंग ने वापसी करते हुए स्कोर 11-14 किया लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने धैर्य बरकरार रखते हुए आसानी से गेम और मैच जीत लिया।
सिंधु ने मैच के बाद कहा, 'मैं आज अच्छी शुरुआत नहीं कर पाई और शुरुआत में ही चार अंक से पिछड़ गई। वह नौ अंक तक आगे थी लेकिन इसके बाद मैंने गलतियां कम की और वापसी करते हुए जीत दर्ज करने में सफल रही।'
क्वार्टर फाइनल में अब सिंधु का सामना ब्लिकफेल्ट से होगा जिनसे वह इससे पहले कभी नहीं खेली हैं। ब्लिकफेल्ट ने सिंधु के साथ मुकाबले के संदर्भ में कहा, 'मैं इससे पहले कभी सिंधु के खिलाफ नहीं खेली। वह दुनिया की शीर्ष खिलाड़ियों को शामिल है और मैं उसके खिलाफ खेलने के लिए उत्सुक हूं।'
दुनिया के सातवें नंबर के खिलाड़ी श्रीकांत ने चीन के ल्यू गुआंग्झू को बेहद आसानी से 21-11 21-16 से हराया जबकि दुनिया के 24वें नंबर के खिलाड़ी प्रणय ने अपनी शानदार फार्म जारी रखते हुए डेनमार्क के अनुभवी यान ओ योर्गेनसन को 21-19 20-22 21-17 से हराया।
क्वार्टर फाइनल में प्रणय की राह हालांकि आसान नहीं होगी जहां उन्हें दुनिया के पूर्व नंबर एक और विश्व चैंपियन डेनमार्क के विक्टर एक्सेलसन का सामना करना है। दूसरे वरीय एक्सेलसन ने थाईलैंड के सुपान्यु अविहिंगसेनोन को एकतरफा मुकाबले में 21-1121-9 से हराया।
दुनिया के 20वें नंबर के खिलाड़ी प्रणीत ने पिछड़ने के बाद जोरदार वापसी करते हुए हमवतन समीर वर्मा को एक घंटा और 12 मिनट चले मुकाबले में दुनिया के 15वें नंबर के खिलाड़ी समीर को 18-21 21-1621-15 से हराया। गैरवरीय और दुनिया के 55वें नंबर के खिलाड़ी कश्यप को हालांकि थाईलैंड के टेनोंगसेक सेनसोमबूनसुक के खिलाफ 21-11 21-13 की जीत के दौरान अधिक पसीना नहीं बहाना पड़ा।
कश्यप ने मैच के बाद कहा, 'उसके खिलाफ खेलना आसान नहीं होता। आप उम्मीद नहीं कर सकते कि वह कैसा खेल दिखाएगा लेकिन मैं आज उसके लिए अच्छी तरह तैयार था।' समीर के खिलाफ छह मैचों में यह प्रणीत की चौथी जीत है। उन्होंने मैच के बाद कहा, 'समीर काफी अच्छा खेला लेकिन मैंने रैली में बेहतर प्रदर्शन किया और दूसरे और तीसरे गेम में गलतियां भी कम की जिसका फायदा मिला।'
क्वार्टर फाइनल में प्रणीत और श्रीकांत आमने सामने होंगे। कश्यप चीनी ताइपे के वैंग जू वेई से भिड़ेंगे जिन्होंने भारत के शुभंकर को आसानी से 21-16 21-13 से शिकस्त दी। श्रीकांत ने मैच के बाद कहा, 'ल्यू के खिलाफ मैच उतना आसान नहीं था जितना दिख रहा है। कल के मैच के बाद आज मैं थोड़ा सतर्क होकर खेला। प्रणीत के खिलाफ खेलना आसान नहीं होगा क्योंकि वह मेरे खेल से काफी अच्छी तरह वाकिफ है।'
मनु अत्री और बी सुमित रेड्डी की छठी वरीय जोड़ी तथा अश्विनी पोनप्पा और एन सिक्की रेड्डी ने भी क्रमश: पुरूष और महिला युगल के अंतिम आठ में प्रवेश किया। महिला युगल में अश्विनी और सिक्की को चेन शियाफेई और झाउ चाओमिन की चीन की जोड़ी के खिलाफ 21-18 21-14 से जीत दर्ज करने में अधिक मशक्कत नहीं करनी पड़ी जबकि अपर्णा बालन और श्रुति केपी ने उलटफेर करते हुए एनजी विंग युंग और येउंग एनगा टिंग की दुनिया की 40वें नंबर की जोड़ी को तीन गेम में 21-19 7-21 21-17 से हराया।
पुरुष युगल में मनु और सुमित की जोड़ी ने हुआंग काइशियांग और वैंग जिकांग की चीन की जोड़ी के खिलाफ कड़े मुकाबले में 25-23 21-18 से जीत दर्ज की। प्रणव जैरी चोपड़ा और शिवम शर्मा ने भी अनिरुद्ध मायेकर और विनय कुमार सिंह की जोड़ी को आसानी से 21-15 21-11 से हराकर अंतिम आठ में जगह बनाई।
पुरुष युगल में कपिल चौधरी और शुभम यादव, वसंत कुमार और असित सूर्या तथा मोहनराज इलुमलई और वेलावन वासुदेवन को हार का सामना करना पड़ा। मिश्रित युगल में प्रणव जैरी चोपड़ा और एन सिक्की रेड्डी, अर्जुन एमआर और मनीषा के तथा सौरभ शर्मा और अनुष्का पारिख का सफर भी थम गया। महिला युगल में पूजा डांडू और संजना संतोष तथा बी वेंकट राम्या तुलसी बेलुपुडी और शिवानी संतोष सिंह की जोड़ी भी प्रतियोगिता से बाहर हो गई।
पूर्व वर्ल्ड चैंपियन और इंडियन ओपन बैडमिंटन में बतौर टॉप सीड खेल रहे डेनमार्क के शटलर विक्टर एक्सेलसन बुधवार की रात केडी जाधव इंडोर स्टेडियम में फंस गए।
रात में मैच खत्म होने के बाद वह वर्कआउट करने के लिए चले गए इस दौरान शटलरों को होटल ले जाने वाली बस स्टेडियम से निकल गई। कोई बस नहीं मिलने पर उन्होंने बस के इंतजार का वीडियो अपलोड कर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर डाल दिया।
उन्होंने वीडियो में कैप्शन दिया है कि उनका पहला मैच खत्म हो चुका है, कोई बस और पिकअप नहीं है, उन्हें नहीं पता है कि वह क्या करें, उम्मीद करता हूं कि आधी रात से पहले जाने का कोई साधन मिल जाएगा। उन्हें वीडियो में यह कहते सुना जा रहा है कि अगर उन्हें दिल्ली में कोई लिफ्ट दे तो वह उसके आभारी रहेंगे। इसके बाद उनके दो साथ कार्ट लेकर आते हैं। इस कार्ट को देखकर वह कहते हैं कि चिंता की कोई बात नहीं इंतजाम हो गया है। हालांकि इसके काफी देर बाद वह होटल गए।
बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया के एक अधिकारी का कहना है कि बड़े टूर्नामेंट में इस तरह की गलतफहमी हो जाती है। एक्सेलसन इस्राइल के मिशा जिल्बरमैन को हराने के बाद वर्क आउट करने चले गए। इस दौरान अंतिम बस के ड्राइवर को लगा कि सभी आ चुके हैं और वह सभी को लेकर चला गया। बाद में एक्सलेसन को होटल पहुंचाया गया।