शीर्ष वरीयता प्राप्त गायत्री गोपीचंद सहित 1000 से भी अधिक युवा शटलर मंगलवार से यहां शुरू होने वाले अखिल भारतीय जूनियर रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट में चुनौती पेश करेंगे।
सभी की निगाह लड़कियों के अंडर-19 वर्ग में राष्ट्रीय कोच पुलेला गोपीचंद की बेटी गायत्री गोपीचंद पर रहेंगी।
हैदराबाद की 16 वर्षीय गायत्री ने जूनियर स्तर पर शानदार प्रतिभा और निरंतरता दिखाई है। खिताब के लिए उन्हें छत्तीसगढ़ की आकर्षी कश्यप से सतर्क रहना होगा।
इस टूर्नामेंट से चीन में दो महीने बाद होने वाली जूनियर एशियाई बैडमिंटन चैंपियनशिप के लिए टीम का भी चयन होगा।
लड़कों के अंडर-19 एकल वर्ग में मध्य प्रदेश के प्रियांशु रजावत खिताब के दावेदार है। उनके अलावा मणिपुर के मैसनाम मीराबा भी दावेदार हैं।