गायत्री गोपीचंद ने रविवार को अखिल भारतीय सीनियर रैंकिंग टूर्नामेंट में एकल के बाद युगल खिताब जीतकर दोहरी सफलता हासिल की। उत्तराखंड के लक्ष्य सेन पुरुष वर्ग में चैंपियन बने।16 वर्षीय और 13वीं वरीय गायत्री एकल के फाइनल में तन्वी लाड को मात्र 37 मिनट में 21-19, 21-16 से हराकर चैंपियन बनीं।
उन्होंने पहली सीनियर रैंकिंग टूर्नामेंट की ट्रॉफी जीती। इसके बाद उन्होंने रूतपर्णा पांडा के साथ मिलकर मौजूदा राष्ट्रीय चैंपियन शिखा गौतम और अश्विनी भट की चौथी वरीय जोड़ी को 19-21, 21-14, 21-10 से हराया।
वर्ष 2018 एशियाई जूनियर चैंपियन छठे वरीय लक्ष्य ने दूसरे वरीय राहुल यादव चिटाबोइना को 23-25, 21-14, 21-13 से मात दी। युगल वर्ग में कृष्ण प्रसाद गरागा और ध्रुव कपिला की जोड़ी श्रीकृष्णा साई और गौस शायक को 23-21, 21-17 से हराकर विजेता बनी। मिश्रित युगल में शायक और मयूरी यादव ने कृष्णा और अश्विनी को 21-19, 13-21, 21-12 से हराकर खिताब जीता।