21वें कॉमनवेल्थ गेम्स के तीसरे दिन शनिवार को भारत ने बैडमिंटन की मिक्स्ड टीम इवेंट के सेमीफाइनल में जगह पक्की ली है। गोल्ड कोस्ट के करारा स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारत ने बेजोड़ प्रदर्शन करते हुए मॉरिशस को 3-0 से करारी मात दी। पहला मैच पुरुष युगल का था जिसमें सात्विक रंकीरेड्डी और चिराग सेट्टी की जोड़ी ने अतिश लुबाह और क्रिस्टिोफर ज्यां पॉल की जोड़ी को 21-12, 21-3 से मात दी।
इसके बाद महिला युगल में अश्विनी पोनप्पा और एन.सिक्की रेड्डी की जोड़ी ने ऑरेली एलिशा एलेट और निक्की चान लाम की जोड़ी को 21-8, 21-7 से मात देकर भारत को 2-0 से आगे कर दिया। तीसरा मैच पुरुष एकल वर्ग में था जिसमें किदाम्बी श्रीकांत ने जूलियन पॉल को 21-12, 21-14 से मात देकर अपनी टीम को 3-0 की अजेय बढ़त दिला दी। इसी के साथ भारत ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
बता दें कि भारतीय बैडमिंटन टीम ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2018 के दूसरे दिन शुक्रवार को मिक्स्ड टीम इवेंट के अपने अंतिम ग्रुप मुकाबले में स्कॉटलैंड को एकतरफा अंदाज में 5-0 से मात करारी शिकस्त दी थी।