विश्व बैडमिंटन महासंघ (बीडब्ल्यूएफ) ने कहा है कि वह कुछ समय के लिए विश्व रैंकिंग को स्थिर रख सकता है। कोविड-19 महामारी के कारण ओलंपिक स्थगित होने के बाद यह ओलंपिक क्वालिफाइंग प्रक्रिया के लिए उचित समाधान के अनुरूप होगा। विश्व रैंकिंग को जस का तस रखने की विश्व भर से अपील की जा रही है। भारतीय शटलर साइना नेहवाल, बी साई प्रणीत, पारुपल्ली कश्यप और एचएस प्रणय ने भी इसको लेकर अपनी चिंता जताई थी।
बीडब्ल्यूएफ ने कहा, ‘अपने खिलाड़ियों के लिए हम ओलंपिक और पैरालंपिक क्वालिफिकेशन पर पड़ने वाले किसी भी तरह के प्रभाव की समीक्षा करेंगे। ताकि स्थगित किए गए खेलों के लिए खिलाड़ियों के क्वालिफाई करने के लिए उचित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।’ इसमें कहा गया है कि बीडब्ल्यूएफ जब तक कि अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट फिर से शुरू नहीं हो जाते तब तक विश्व रैंकिंग को स्थिर रखने की संभावना पर भी गौर कर रहा है। वह अभी इसके तकनीकी समाधान पर काम कर रहा है।’