भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी और स्वर्ण पदक विजेता पीवी सिंधु को नया कोच मिल गया है। टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक पुरुष एकल टीम के कोच पार्क ताए संग सिंधु को ट्रेनिंग देंगे। वह किम जी ह्यून की जगह लेंगे, जिन्होंने हाल ही में इस्तीफा दे दिया है।
बता दें कि सिंधु को विश्व चैंपियन बनाने वाली कोच किम जी ह्यून ने बीते दिनों पारिवारिक कारणों से इस्तीफा दे दिया। दक्षिण कोरिया की किम के पति को पिछले दिनों स्ट्रोक आया है। उनके ठीक होने से चार से छह महीने का वक्त लगेगाा। इस कारण उन्होंने टीम छोड़ने का फैसला किया।
बता दें कि किम इसी साल मार्च में भारतीय कोचिंक टीम का हिस्सा बनी थीं। किम के इस्तीफा देने के बाद पूरा भार राष्ट्रीय कोच पुलेला गोपीचंद पर आ गया। गौरतलब है कि ओलंपिक में सिर्फ 10 महीने बाकी हैं। ऐसे में ओलंपिक को देखते हुए पीवी सिंधु को एक अच्छे कोच की दरकार है।
सिंधु ने अगस्त में वर्ल्ड चैम्पियनशिप का खिताब जीतने के बाद 45 साल की किम की कोचिंग को महत्वपूर्ण बताया था। सिंधु ने कहा कि उनका बीच में छोड़ के जाना दुखद है, लेकिन एक खिलाड़ी के लिए इस तरह की चीजें आती रहती हैं।
सिंधु ने बैडमिंटन विश्व चैम्पियनशिप-2019 के फाइनल में जापान की नोजोमी ओकुहारा को हराकर चैम्पियनशिप में पहली बार स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा था।