भारत के किदाम्बी श्रीकांत आसान जीत के साथ चीन ओपन विश्व टूर सुपर 750 टूर्नामेंट के प्री क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं, जबकि एच एस प्रणय पहले ही दौर में हारकर बाहर हो गए।
पांचवीं वरीयता प्राप्त श्रीकांत ने फ्रांस के लुकास कोरवी को 21-12, 21-16 से हराया। अब उनका सामना इंडोनेशिया के टामी सुगिआर्तो से होगा। वहीं, प्रणॉय को एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता इंडोनेशिया के जोनाथन क्रिस्टी ने 21-11, 21-14 से मात दी।
भारत की युवा वैष्णवी रेड्डी जाक्का को थाईलैंड की पोर्नापावी चोचुवोंग ने 21-12, 21-16 से हराया। वहीं, मिश्रित युगल में भारत के सात्विक साइराज रांकीरेड्डी और अश्विनी पोनप्पा को सातवीं वरीयता प्राप्त मलेशिया के चान पेंग सून और गोह लियू यिंग ने 18-21, 21-19, 21-17 से मात दी।
इसके अलावा मिक्स्ड डबल्स में सात्विक साइराज रांकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने 53 मिनट तक चले इस मुकाबले में दानिश के मैड्स कॉनरैड पिटरसन और पाइलर कोलडिंग की जोड़ी को 23-21, 24 से हराया।
बता दें कि ओलंपिक रजत पदक विजेता पी वी सिंधू पहले ही प्री क्वार्टर फाइनल में पहुंच चुकी हैं।