भारत के सात्विकसाई रेंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने बीडब्ल्यूएफ सुपर 750 टूर्नामेंट चाइना मास्टर्स में चीन की जोड़ी को मात देकर पुरुष युगल वर्ग का खिताब अपने नाम किया था। अब इस भारतीय जोड़ी की निगाहें एशिया खेलों पर हैं, जहां चिराग-सात्विक अपनी स्वर्णिम सफलता दोहराने उतरेंगे। एशियन गेम्स 2022 में सात्विक और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने दक्षिण कोरियाई जोड़ी चोई सोल-ग्यू और किम वोन-हो को मात देकर गोल्ड मेडल पर अपना कब्जा किया था।
आगामी एशियन गेम्स की तैयारी को लेकर चिराग शेट्टी ने कहा, यह हमारा तीसरा एशियन गेम्स होगा। हमें इतने बड़े मंच पर खेलने की आदत हो गई है। ऐसे में किसी बड़े इवेंट में खेलने का कोई अतिरिक्त दबाव नहीं है, लेकिन आप जो भी टूर्नामेंट खेलते हैं, उसमें हमेशा दबाव होता ही है। इसी तरह आप उससे निपटते हैं और उसे संभालते हैं। हम बस इसी तरह आगे बढ़ना चाहते हैं।
एशियाड के लिए कैसी है तैयारी?
आगामी 2026 एशियाई खेल 19 सितंबर से चार अक्तूबर 2026 तक जापान के आइची-नागोया में आयोजित किए जाएंगे। अपनी तैयारियों को लेकर चिराग ने बताया, एशियन गेम्स के लिए जाने से पहले हमारे पास अभ्यास के लिए 10 दिन हैं। हम वहां अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहते हैं। इसलिए नागोया के लिए उड़ान भरने से पहले, हम अपनी कमियों पर काम करना चाहते हैं। अगले 10 दिनों में हमारा लक्ष्य अपने शरीर को फिट रखना और उन चीजों पर काम करना है, जिन पर काम करने की जरूरत है।
बीडब्ल्यूएफ सुपर 750 टूर्नामेंट में भारतीय जोड़ी ने चीन के जी तिंग और रेन शियांग यू की जोड़ी के खिलाफ 11-21, 21-13, 21-17 से मात दी। यह साल 2005 में टूर्नामेंट शुरू होने के बाद से चाइना मास्टर्स का खिताब जीतने वाली पहली भारतीय जोड़ी है। इससे पहले, सात्विक-चिराग की जोड़ी साल 2023 और 2025 में टूर्नामेंट की उपविजेता रही थी। साल 2024 में उन्होंने सेमीफाइनल तक का सफर तय किया था। यह बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर पर इस भारतीय जोड़ी का 10वां खिताब था। इस साल उनका दूसरा सुपर 750 खिताब और कुल मिलाकर चौथा खिताब था।