बीसाई प्रणीत और एचएस प्रणय सहित भारतीय शटलर मंगलवार से क्वालिफायर के साथ शुरू हो रही कनाडा ओपन बीडब्ल्यूएफ टूर सुपर 100 चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन के इरादे के साथ उतरेंगे।
पीवी सिंधु, साइना नेहवाल और किदांबी श्रीकांत इस टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लेंगे। स्विस ओपन के फाइनल में चीन के शी युकी के खिलाफ शिकस्त खाने वाले प्रणीत इस बार खिताबी सूखा खत्म करना चाहेंगे। दूसरे वरीय प्रणीत को पहले दौर में बाई मिली है।
वह दूसरे दौर में अमेरिका के निकोलस राबर्ट हेनसन वालेर और चीन के सुन फेई शियांग के बीच होने वाले मैच में विजेता से भिड़ेंगे। प्रणय को भी पहले दौर में बाई मिली है। राष्ट्रमंडल खेलों के पूर्व चैंपियन पी कश्यप भी इस सत्र में अच्छी लय में दिखे हैं।
इंडिया ओपन के सेमीफाइनल में पहुंचे छठे वरीय कश्यप अपना अच्छा प्रदर्शन जारी रखने का प्रयास करेंगे। राष्ट्रीय चैंपियन सौरभ वर्मा का सामना तुर्की के एमरे लेल से जबकि युवा लक्ष्य सेन पहले दौर में न्यूजीलैंड के अभिनव मनोटा से खेलेंगे। अजय जयराम क्वालिफायर के खिलाफ अपना अभियान शुरू करेंगे।