लंदन ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता साइना नेहवाल को क्वार्टरफाइनल मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। शुक्रवार को 170000 डालर इनामी बार्सीलोना स्पेन मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला एकल में थाईलैंड की तीसरी वरीय बुसानन ओंगबैमरुंगफान ने साइना को 22-20, 21-19 से हराया। इससे पहले प्री क्वार्टरफाइनल में साइना ने मारिया को दूसरे दौर में 21-10 21-19 से हराया था।
इससे पहले दुनिया के पूर्व नंबर एक स्टार किदांबी श्रीकांत को हराने वाले अजय जयराम ने बार्सीलोना स्पेन मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष एकल मुकाबले के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। अजय ने क्वार्टरफाइनल मुकाबले में फ्रांस के खिलाड़ी थॉमस राउक्सेल को 21-14, 21-15 से हराया। बता दें कि किदांबी श्रीकांत को अजय जयराम के खिलाफ 6-21 17-21 से शिकस्त झेलनी पड़ी थी।
समीर वर्मा को पुरुष एकल क्वार्टरफाइनल में थाईलैंड के कुनलावुत वितिदसार्न के खिलाफ 21-17, 17-21, 12-21 से हार का सामना करना पड़ा। प्री क्वार्टरफाइनल में समीर ने जर्मनी के काई स्कीफर को 21-14 16-21 21-15 से हराया था।