अपनी उम्र छिपाकर जूनियर स्तर पर बैडमिंटन खेलने वाले खिलाड़ियों की अब खैर नहीं है। भारतीय बैडमिंटन एसोसिएशन ने इस मामले में शिकायत मिलने के बाद एक समिति का गठन किया है, जो उम्र छिपाने के मामले में जांच करेगी। दोषी पाए जाने वाले खिलाड़ियों पर दो से तीन साल का बैन लगाया जाएगा। 19 जून से 25 जून तक हुए ऑल इंडिया सब जूनियर अंडर-13 टूर्नामेंट में गलत उम्र बताने के कई मामले सामने आने के बाद बैडमिंटन एसोसिएशन ने यह फैसला किया है।
उम्र धोखाधड़ी की समिति से जुड़े एक सदस्य की मांग पर यह फैसला लिया गया है। बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव संजय मिश्रा ने कहा "यह आसान काम नहीं है, हमें कोई भी एक्शन लेने से पहले पूरी तरह से निश्चिंत होना पड़ेगा। हमारे पास पहले ही उम्र से जुड़े धोखाधड़ी के मामलों के लिए एक समिति है, लेकिन अब हम एक टीम बनाएंगे, जिसमें राज्य सचिव भी होंगे। इससे सबूत जुटाने के लिए सही तरीके से जांच हो सकेगी। एक बार पुख्ता सबूत मिलने पर दोषी खिलाड़ियों की सूची बनाई जाएगी और उन्हें सभी तरह की घरेलू प्रतियोगिताओं में बैन कर दिया जाएगा।"