सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए अब साइना की टक्कर ओलंपिक चैंपियन और दुनिया की नंबर चार खिलाड़ी स्पेन की कैरोलिन मारिन से होगा। दुनिया की दसवें नंबर की खिलाड़ी साइना का दो बार की विश्व चैंपियन मारिन के खिलाफ पलड़ा भारी है।
दोनों के बीच अब तक नौ मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें से साइना ने पांच और मारिन ने चार जीते हैं। दोनों के बीच पिछली भिड़ंत इसी साल डेनमार्क ओपन में हुई थी जिसमें भारतीय खिलाड़ी ने बाजी मारी थी।
हैदराबादी खिलाड़ी सिंधू की सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए भिड़ंत गत चैंपियन जापान की नोजोमी ओकुहारा से होगी। आठवीं वरीस ओकुहारा ने सिंधू को हराकर ही खिताब जीता था। अब सिंधू के पास शुक्रवार को उस हार का हिसाब बराबर करने का भी मौका होगा।
दोनों के बीच अब तक 11 मुकाबले हुए हैं जिसमें से ओकुहारा ने छह और सिंधू ने पांच जीते हैं। दोनें पिछले महीने थाईलैंड ओपन में आमने-सामने हुईं भी जिसमें जापानी खिलाड़ी भारतीय पर भारी पड़ी थी।
पुरुष वर्ग में खिताब की सबसे बड़ी उम्मीद किदांबी श्रीकांत का सफर प्री क्वार्टर फाइनल में ही थम गया। वहीं बी साई प्रणीत क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए। प्रणीत ने डेनमार्क के हेंस क्रिस्टियन को 21-13, 21-11 से मात दी। अगले दौर में उनके सामने केंतो मोमोतो की चुनौती होगी।
गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों के रजत पदक विजेता पांचवीं वरीय श्रीकांत 41 मिनट तक चले मुकाबले में मलयेशिया के डारेन लियू के हाथों 18-21,18-21 से हारकर बाहर हो गए।
मिश्रित युगल में सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और अश्विनी पोनप्पा की जोड़ी ने भी पदक की उम्मीद कायम रखी है। राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता भारतीय जोड़ी ने दुनिया की सातवें नंबर की जोड़ी गोह सुन हुआत और शेवोन जेमी लाई को 59 मिनट तक चले मुकाबले में 20-22, 21-14, 21-6 से उलटफेर का शिकार बनाकर अंतिम आठ में जगह बनाई। दुनिया की 40वें नंबर की भारतीय जोड़ी का सामना अब शीर्ष वरीय चीन के झेंग सिवेई और हुआंग याकियोंग की जोड़ी से होगा।