फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World Championship: आयुष शेट्टी ने विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप में किया बड़ा उलटफेर, नंबर एक शी यू को हराया

Mon, 17 Aug 2026 08:53 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

भारत के उभरते हुए बैडमिंटन खिलाड़ी आयुष शेट्टी ने अपने करियर की सबसे बड़ी जीत दर्ज की है। आयुष ने नई दिल्ली में हो रहे बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप के अपने शुरुआती मुकाबले में बड़ा उलटफेर किया और विश्व के नंबर एक शी यू की को मात दी।
विज्ञापन
आयुष शेट्टी - फोटो : PTI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी आयुष शेट्टी ने बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप के पहले दिन सोमवार को पुरुष एकल में बड़ा उलटफेर किया। आयुष ने चीन के विश्व नंबर-एक शी यू की के खिलाफ यादगार जीत दर्ज की। बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप में 1965 के बाद पुरुष एकल फाइनल में पहुंचने वाले भारत के पहले खिलाड़ी बने 21 वर्षीय शेट्टी ने 21-14, 13-21, 21-19 से जीत दर्ज कर पुरुष एकल के दूसरे दौर में प्रवेश किया। 
विज्ञापन

आयुष के करियर की सबसे बड़ी जीत 
यह उनके छोटे से करियर की अब तक की सबसे बड़ी जीत है। अप्रैल में एशियाई चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने के दौरान उन्होंने ली शी फेंग, जोनाथन क्रिस्टी और कुनलावुत वितिदसर्न जैसे दिग्गजों को हराया था। इस साल यूएस ओपन सुपर 300 का खिताब जीत चुके शेट्टी ने घरेलू दर्शकों के समर्थन के बीच मुकाबले की शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए और पहले गेम में 11-5 की बढ़त बना ली।

इस दौरान चीन के खिलाड़ी ने भी कई गलतियां कीं। वह कभी शटल नेट में उलझा बैठे तो कभी शॉट कोर्ट से बाहर मार गए। शेट्टी ने इन गलतियों का पूरा फायदा उठाते हुए पहला गेम 21-14 से अपने नाम कर लिया। शी ने हालांकि अपने अनुभव का इस्तेमाल किया। उन्होंने लंबी रैलियों के जरिए शेट्टी को थकाने की रणनीति अपनाई। भारतीय खिलाड़ी के खेल में भी गलतियां बढ़ने लगीं और शी ने दूसरा गेम 21-13 से जीतकर मुकाबले को निर्णायक गेम तक पहुंचा दिया।
विज्ञापन

निर्णायक गेम में दिखाई रणनीतिक समझदारी
शेट्टी ने निर्णायक गेम में उन्होंने संयम बनाए रखा और रणनीति में समझदारी दिखाई। उन्होंने जोखिम भरे शॉट खेलने के बजाय शटल को कोर्ट के भीतर रखने पर जोर दिया और शी को गलतियां करने के लिए मजबूर किया। शेट्टी ने निर्णायक गेम में 11-5 की बढ़त बनाई और फिर स्कोर को 15-5 तक पहुंचा दिया जिससे लगा कि भारतीय खिलाड़ी आसानी से मुकाबला जीत लेंगे, लेकिन शी यू की ने जबरदस्त वापसी की। शेट्टी की गलतियों का फायदा उठाकर चीन के खिलाड़ी ने अंतर घटाकर 20-15 कर दिया। इसके बाद उन्होंने लगातार चार अंक जुटाकर स्कोर 20-19 कर दिया। मुकाबला बेहद रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका था। शेट्टी ने इस दबाव भरे क्षण में अपना धैर्य नहीं खोया। उन्होंने अगला अंक जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। 

पांचवीं वरीय स्टार भारतीय जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को भी पहले दौर में बाई मिली है। वे दूसरे दौर में स्कॉटलैंड के एलेक्जेंडर डन और एडम प्रिंगल की जोड़ी से भिड़ेंगे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें