भारतीय शटलर बी साई प्रणीत और समीर वर्मा ने ऑस्ट्रेलियन ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप में जीत का सिलसिला जारी रखते हुए क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। दूसरी वरीय प्रणीत ने इंडोनेशिया के पंजी अहमद मौलाना को 21-12, 21-14 से और चौथी वरीय समीर ने जापान के तुकामा को 21-16, 21-12 से बाहर का रास्ता दिखाया। अगले दौर में प्रणीत की भिड़ंत इंडोनेशिया के सातवीं वरीय ली चेयुक यू से और समीर की चीन के लू गुआंगजु से होगी।
युगल जोड़ियां भी जीती : पुरुष युगल में मनु अत्री और बी सुमित रेड्डी की जोड़ी ने कोरिया के हयूक गयून चोई और क्यूंग हून पार्क की जोड़ी को 21-17, 21-17 से और अर्जुन एमआर और रामचंद्रन श्लोक ने जापान के हिरोकी ओकामूरा और मासायुकी ओनोडेरा को 21-15, 25-23 से पराजित किया। अब सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए भारतीय जोड़ियां आपस में टकराएंगी।
महिलाओं का अभियान खत्म : महिला एकल और युगल में भारतीय अभियान खत्म हो गया। एकल में जक्का वैष्णवी रेड्डी को चीन की हान यूई के हाथों 5-21, 5-21 से हार मिली। युगल में जे मेघना और पूर्विशा एस राम की जोड़ी भी जापान की मिकी और मियूकी कातो की जोड़ी से 11-21, 13-21 से मात खाकर बाहर हो गई। मिश्रित युगल में शिवम शर्मा और पूर्विशा को कोरिया के सेयुंग जाए सियो और चाए युजुंग से 6-21, 13-21 से शिकस्त मिली।