भारत की स्टार महिला शटलर पीवी सिंधु को खिताबी मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। चीनी ताइपे की ताई जू यिंग ने उन्हें सीधे सेट में मात दी। विश्व की नंबर एक खिलाड़ी के सामने भारत की बेटी 21-13, 21-16 से हारी।
पीवी सिंधु की हार के साथ ही बैडमिंटन में भारत के गोल्ड मेडल की उम्मीद टूट गई। हैदराबादी बाला भले ही मैच हार गई हो, लेकिन उन्होंने इतिहास रच दिया। भारतीय खेल इतिहास में पीवी सिंधु एशियन गेम्स में सिल्वर मेडल जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बनीं।
ओलंपिक रजत पदक विजेता पीवी सिंधु जहां फाइनल में हारीं तो साइना नेहवाल को सेमीफाइनल में हार का सामना करना पड़ा था। इस तरह भारत ने पहली बार एशियाई खेलों में बैडमिंटन में दो एकल पदक जीते हैं। साइना को सेमीफाइनल में ताई ने ही हराया था।
सिंधु इससे पहले गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों के फाइनल में साइना से हारी थी जबकि विश्व चैम्पियनशिप के फाइनल में उसे स्पेन की कैरोलिना मारिन ने मात दी थी। वह इस साल इंडिया ओपन फाइनल में बेवेन झांग से और थाईलैंड ओपन में नोजोमी ओकुहारा से हारी थी।
सिंधु की ताई के हाथों यह लगातार छठी हार थी। ताई ने शुरू ही से बढत बना ली थी और अपने दमदार रिटर्न से पहले पांच अंक हासिल किए। सिंधु ने वापसी करके अंतर 4-6 का किया लेकिन ताई ने उसे दबाव बनाने का कोई मौका ही नहीं दिया और जल्दी ही बढत 17-10 की कर ली।
सिंधु के पास उस तेज तर्रार रिटर्न का कोई जवाब नहीं था, जो ताई ने उनपर ठोका। पहला गेम 16 मिनट में खत्म हो गया। दूसरे गेम में सिंधु ने उसे बेसलाइन की ओर धकेलने की कोशिश की लेकिन सहज गलतियों से कई अंक गंवाए।
एक समय स्कोर 4-4 था, लेकिन ताइपे की खिलाड़ी ने अपनी पकड़ मजबूत करते हुए 15-10 की बढत बना ली। ताई को जल्दी ही मैच प्वाइंट मिला जब सिंधु की शटल नेट में चली गई। सिंधु ने पहला मैच प्वाइंट बचाया लेकिन अगले ही विनर पर ताई ने यह गेम और मैच जीत लिया।