भारत के युवा बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने क्रोएशिया के ज्वोनिमीर दुर्किजनक को कड़े मुकाबले में हराकर सोफिया में हुए बुल्गारिया ओपन टूर्नामेंट का खिताब जीत लिया। एक दिन पहले अपना सोलहवां जन्मदिन मनाने वाले लक्ष्य ने दूसरी वरीयता प्राप्त ज्वोनिमीर को 57 मिनट तक चले मुकाबले में 18-21, 21-12, 21-17 से पराजित किया। बुधवार को लक्ष्य ने सेमीफाइनल में श्रीलंका के दिनुका करुणारत्ना को सीधे सेट में 21-19, 21-14 से हराया था।
जूनियर वर्ग में दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी लक्ष्य को हाल ही में पूर्व ऑल इंग्लैंड चैंपियन पीटर गाडे से ट्रेनिंग के लिए भेजा गया था जो कि इस समय फ्रांस टीम के चीफ कोच हैं। लक्ष्य ने जूनियर नेशनल जीतने के बाद फरवरी में सीनियर नेशनल चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचकर सुर्खियां बटोरीं थीं। उनके लिए यह टूर्नामेंट शानदार रहा। पहले दौरे में उन्होंने शीर्ष वरीय सैम पैरसंस को भी उलटफेर में बाहर किया था। कोच विमल कुमार ने लक्ष्य की सराहना करते हुए कहा कि वह काफी प्रतिभाशाली हैं। फिलहाल वह अपनी मजबूती पर जोर दे रहे हैं। विदेश में खेले जाने वाले टूर्नामेंटों के दौरान पूर्व राष्ट्रीय चैंपियन सयाली गोखले उनके साथ जाती हैं। अगले दो महीनों में वह वियतनाम ग्रां प्री और फिर जूनियर विश्व चैंपियनशिप में हिस्सा लेंगे।
लक्ष्य के लिए यह बड़ी उपलब्धि है। वह अभी जूनियर खिलाड़ी हैं और उन्होंने टूर्नामेंट जीतने शुरू कर दिए हैं। यह अच्छा संकेत है। हमने अपने पांच खिलाडिय़ों का फ्रांस टीम के साथ दस दिन का ट्रेनिंग कार्यक्रम रखा था। वहां खिलाडिय़ों ने दिग्गज पीटर गाडे से टिप्स लिए जिसका फायदा मिला। यदि लक्ष्य को सही प्रोत्साहन मिला तो उनका भविष्य बेहद उज्ज्वल है।