ओलंपिक में दो बार की पदक विजेता पीवी सिंधू ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए शनिवार को हमवतन उन्नति हुड्डा को सीधे गेम में हराकर सैयद मोदी अंतरराष्ट्रीय सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला एकल के फाइनल में प्रवेश किया। सिंधू सैयद मोदी टूर्नामेंट में अपने तीसरे खिताब की दहलीज पर हैं। पुरुष एकल में अल्मोढ़ा के लक्ष्य सेन ने जापान के शोगो ओगावा को 42 मिनट में 21-8, 21-14 से हराकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया।
शीर्ष वरीयता प्राप्त सिंधू ने महिला एकल के पहले सेमीफाइनल में 17 साल की उन्नति को केवल 36 मिनट में 21-12, 21-9 से हरा दिया। उन्नति ने कई बेजा गलतियां की जिससे सिंधू ने आसानी से मैच पर नियंत्रण बना लिया। पूर्व विश्व चैंपियन और अब दुनिया में 18वें नंबर की खिलाड़ी का सामना अब थाईलैंड की लालिनराट चाइवान और चीन की लुओ यू वू के बीच होने वाले अन्य सेमीफाइनल के विजेता के साथ होगा।
तनीषा और ध्रुव की जोड़ी भी खिताबी मुकाबले में
इससे पहले तनीषा क्रैस्टो और ध्रुव कपिला की भारतीय मिश्रित युगल जोड़ी ने चीन की झी होंग झोउ और जिया यी यांग की जोड़ी पर सीधे गेम में जीत दर्ज करके फाइनल में जगह बनाई। पांचवीं वरीयता प्राप्त तनीषा-कपिला की भारतीय जोड़ी ने 42 मिनट तक चले सेमीफाइनल में चीन की चौथी वरीयता प्राप्त जोड़ी को 21-16, 21-15 से हराया। उनका अगला मुकाबला चीन की पिन यी लियाओ और के शिन हुआंग तथा थाईलैंड की डेचापोल पुवारानुक्रोह और सुपिसरा पेवसम्प्रान की छठी वरीयता प्राप्त जोड़ी के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा।