भारत की ललिता शिवाजी बाबर ने अपना राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ते हुए सोमवार को वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेज स्पर्धा के फाइनल में प्रवेश कर लिया है।
एशियाई चैंपियन ललिता ने दूसरी हीट में नौ मिनट 27.86 सेकेंड का समय निकालकर चौथा स्थान हासिल किया।
इतना ही नहीं बुधवार को होने वाले फाइनल के लिए भी क्वालीफाई किया।
ललिता सभी तीन हीट में शीर्ष पर रहे एथलीटों के अलावा फाइनल में जगह बनाने वाले छह सबसे बेहतर समय निकालने वालों में रहीं।
निकोलेई स्नेसारेव के मार्गदर्शन में अभ्यास करने वाली महाराष्ट्र की ललिता ने अपना नौ मिनट 34.13 सेकेंड का राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा जो उन्होंने जून में चीन के वूहान में एशियाई चैंपियनशिप में बनाया था।
2014 एशियाई खेलों में रजत पदक जीतने वाली ललिता विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 3000 मीटर स्टीपलचेज स्पर्धा के फाइनल में जगह बनाने वाली पहली भारतीय हैं।
ओलंपिक की रजत पदक विजेता ट्यूनिशिया की हबीबा घरीबी ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए नौ मिनट 24.38 सेकेंड समय के साथ पहले स्थान पर रहीं।
विश्व चैंपियनशिप में दो बार की उप विजेता जर्मनी की गेसा फेलिस क्रॉसे नौ मिनट 24.92 सेकेंड के साथ दूसरे और इथोपिया की हिओत अयालेउ नौ मिनट 25.55 सेकेंड के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। (फोटो: साभार इंडियन एक्सप्रेस)