ट्रैक एवं फील्ड एथलीट बेअंत सिंह ने सोशल मीडिया पर अपनी निराशा साझा करते हुए कॉन्सर्ट के बाद आयोजन स्थल की तस्वीरें और वीडियो पोस्ट किए। इस कॉन्सर्ट में लगभग 40,000 फैंस मौजूद थे, लेकिन स्टेडियम में उन्होंने गंदगी वैसे ही छोड़ दी। यह स्टेडियम जो आमतौर पर खेल कार्यक्रमों के लिए आरक्षित होता है, फिलहाल अपनी अव्यवस्था की वजह से चर्चा में हैं। बेअंत सिंह द्वारा पोस्ट किए गए वीडियो में, स्टेडियम का ट्रैक और फील्ड क्षेत्र कचरा, शराब के कंटेनर और क्षतिग्रस्त एथलेटिक उपकरणों से भरा पड़ा था। बेअंत सिंह ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा, 'यह वह जगह है जहां एथलीट प्रशिक्षण लेते हैं, लेकिन यहां लोगों ने शराब पी और भाग गए।'
बेअंत ने लिखा, 'इसके लिए स्टेडियम को कल तक के लिए बंद कर दिया गया था। एथलेटिक्स उपकरण को तोड़कर किनारे कर दिया गया है। एथलीटों का सम्मान ऐसा है। और फिर हर चार साल में लोग ओलंपिक के बारे में बात करेंगे, लेकिन जमीनी स्तर पर समर्थन नहीं करेंगे।' जेएलएन स्टेडियम इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) की टीम पंजाब एफसी का होम ग्राउंड भी है। उसे गुरुवार रात चेन्नइयन एफसी के खिलाफ होने वाले मुकाबले की तैयारी करनी है, लेकिन फिलहाल यह टीम स्टेडियम में आई दिक्कतों से जूझ रही है।
यह पहली बार नहीं था कि इस तरह का कार्यक्रम जेएलएन स्टेडियम में आयोजित किया गया था। यह स्टेडियम इससे पहले ब्रायन एडम्स (2004) और रिकी मार्टिन (1998) जैसे शीर्ष अंतरराष्ट्रीय सितारों के संगीत कार्यक्रमों की मेजबानी भी कर चुका है। लेकिन दिलजीत दोसांझ के कार्यक्रम के बाद के स्थिति की एथलीटों द्वारा भारी आलोचना की गई। 25 वर्षीय बेअंत सिंह ने 2014 और 2018 राष्ट्रीय ओपन चैंपियनशिप में रजत और कांस्य पदक जीता था। इस बीच SAI ने भी बयान जारी किया है। उन्होंने कहा कि कॉन्सर्ट आयोजकों के साथ उसका अनुबंध बहुत स्पष्ट था। स्टेडियम को उसी स्थिति में वापस किया जाएगा जिस स्थिति में इसे उन्हें सौंपा गया था। टिप्पणी के लिए संपर्क किए जाने पर SAI के एक शीर्ष सूत्र ने कहा, 'दो दिनों में 70,000 से अधिक लोगों ने कॉन्सर्ट में भाग लिया और सफाई में 24 घंटे लगेंगे। स्टेडियम को 29 तारीख तक साफ होने की उम्मीद है।'