भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ियों अस्मिता चालिहा और तन्वी शर्मा ने मंगलवार को फ्रेंच ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला एकल मुकाबलों में जीत दर्ज कर अगले दौर में जगह बना ली। हालांकि, पुरुष युगल में भारत की स्टार जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को हार का सामना करना पड़ा और वे टूर्नामेंट से बाहर हो गए। विश्व रैंकिंग में पांचवें स्थान पर काबिज सात्विक और चिराग की जोड़ी को फ्रांस के क्रिस्टो पोपोव और टोमा जूनियर पोपोव ने राउंड ऑफ 32 के मुकाबले में 21-19, 18-21, 21-13 से हराया। एक घंटे से अधिक समय तक चले मुकाबले में भारतीय जोड़ी ने दूसरा गेम जीतकर वापसी की कोशिश की, लेकिन निर्णायक गेम में फ्रांसीसी जोड़ी ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की।
अस्मिता और तन्वी ने दर्ज की जीत
महिला एकल में अस्मिता चालिहा ने चीन की हैंग कियान शी को 21-18, 24-22 से हराया। 39 मिनट तक चले मुकाबले में अस्मिता ने सीधे गेम में जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया। वहीं, युवा भारतीय खिलाड़ी तन्वी शर्मा ने अपनी हमवतन ईशारानी बरुआ को 21-12, 21-12 से शिकस्त दी। तन्वी ने महज 32 मिनट में मुकाबला अपने नाम कर महिला एकल के राउंड ऑफ 16 में जगह बना ली।
त्रीसा-गायत्री की जोड़ी भी हारी
महिला युगल में भारत की त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद को राउंड ऑफ 32 में हार का सामना करना पड़ा। चीनी ताइपे की लिन चिह-चुन और यांग चू युन की जोड़ी ने भारतीय खिलाड़ियों को 21-17, 21-18 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। इस तरह फ्रेंच ओपन में मंगलवार का दिन भारतीय महिला एकल खिलाड़ियों के लिए अच्छा रहा, जबकि पुरुष युगल और महिला युगल में भारतीय जोड़ियों को निराशा हाथ लगी।