आर्थिक चुनौतियों के बावजूद शानदार प्रदर्शन
स्वाति मेरठ की गुरुकुल आर्चरी अकादमी में एथेंस ओलंपियन सत्यदेव प्रसाद के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण लेती हैं। आर्थिक सीमाओं के कारण उन्हें बड़े अंतरराष्ट्रीय ट्रायल में हिस्सा लेने में मुश्किलें आई हैं, लेकिन उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। 2026 में बैंकॉक में आयोजित वर्ल्ड आर्चरी पैरा सीरीज में उन्होंने तीन रजत पदक जीते थे। ये पदक महिला डब्ल्यू1 व्यक्तिगत, महिला डब्ल्यू1 टीम और डब्ल्यू1 मिश्रित टीम स्पर्धाओं में आए थे। इसके अलावा, उन्होंने 2025 की पैरा तीरंदाजी राष्ट्रीय चैंपियनशिप और खेलो इंडिया पैरा गेम्स में महिला डब्ल्यू1 वर्ग का स्वर्ण पदक जीता था।
स्वाति को सरकार की वार्षिक प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिता कैलेंडर (एसीटीसी) योजना के तहत प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के लिए 51,99,651 रुपये की वित्तीय सहायता मिली है। डब्ल्यू1 वर्ग में ऐसे खिलाड़ी हिस्सा लेते हैं, जिनके हाथों और पैरों दोनों के कामकाज पर गंभीर असर डालने वाली शारीरिक दिव्यांगता होती है। इसमें टेट्राप्लेजिया जैसी स्थितियों वाले खिलाड़ी भी शामिल हो सकते हैं।
स्वाति चौधरी की उपलब्धि पर सीएम योगी ने दी बधाई
उत्तर प्रदेश की बेटी स्वाति चौधरी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर उनकी उपलब्धि को ऐतिहासिक बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सभी को आप (स्वाति चौधरी) पर गर्व है। उन्होंने स्वाति के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं।