फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एशियन पैरा गेम्स 2026: कैसा रहा भारत का पहला दिन, कौन-कौन बना पदक विजेता और तालिका में किस स्थान पर देश?

Mon, 19 Oct 2026 06:43 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, आइची नागोया

सार

जापान में आयोजित एशियन पैरा गेम्स 2026 के पहले दिन भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार स्वर्ण, पांच रजत और दो कांस्य समेत कुल 11 पदक जीते। निशानेबाजी में मोना अग्रवाल ने स्वर्ण और अवनि लेखरा ने रजत पदक हासिल किया। पैरा एथलेटिक्स में निशाद कुमार ने लॉन्ग जंप में स्वर्ण, जबकि सौम्या और रिंकू ने भी स्वर्ण पदक जीते। तीरंदाजी में शीतल देवी और तोमन कुमार ने 1402 अंकों के साथ विश्व रिकॉर्ड बनाया। पैरा जूडो और तैराकी में भी भारतीय खिलाड़ियों ने पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया। शानदार शुरुआत के दम पर भारत पदक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गया।
विज्ञापन
एशियन पैरा गेम्स 2026 - फोटो : IANS
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जापान के आइची-नागोया में जारी एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों ने पहले ही दिन शानदार प्रदर्शन करते हुए पदकों की झड़ी लगा दी। प्रतियोगिता के पहले दिन भारत ने चार स्वर्ण, पांच रजत और दो कांस्य समेत कुल 11 पदक अपने नाम किए। इस प्रदर्शन के दम पर भारत पदक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गया है। निशानेबाजी, तीरंदाजी, पैरा एथलेटिक्स, तैराकी और पैरा जूडो में भारतीय खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। खास बात यह रही कि कई स्पर्धाओं में भारतीय खिलाड़ियों ने एक साथ दो पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया, जबकि तीरंदाजी में शीतल देवी और तोमन कुमार ने विश्व रिकॉर्ड कायम किया।
विज्ञापन
Trending Videos

मोना अग्रवाल व अवनी लेखरा ने बढ़ाया देश का मान। - फोटो : अमर उजाला
निशानेबाजी में मोना का स्वर्ण, अवनि ने जीता रजत
भारत के पदक अभियान की शुरुआत निशानेबाजी में शानदार रही। महिला 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग SH1 स्पर्धा में मोना अग्रवाल ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि पैरालंपिक चैंपियन अवनि लेखरा को रजत पदक मिला। मोना ने फाइनल में 250 अंक हासिल कर एशियन पैरा गेम्स का नया रिकॉर्ड बनाया। वहीं, अवनि ने 249.6 अंकों के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। दक्षिण कोरिया की यूनरी ली 227.9 अंकों के साथ कांस्य पदक जीतने में सफल रहीं।

मोना ने फाइनल में पिछड़ने के बाद शानदार वापसी की। वह एक समय पांचवें स्थान पर थीं, लेकिन बेहतरीन निशानेबाजी करते हुए शीर्ष पर पहुंच गईं। इस दौरान उन्होंने अवनि के पिछले एशियन पैरा गेम्स रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया। अवनि ने पिछले संस्करण में 249.6 अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीता था। इस उपलब्धि के साथ अवनि ने लॉस एंजिलिस पैरालंपिक 2028 के लिए कोटा स्थान भी हासिल कर लिया। मोना इससे पहले विश्व चैंपियनशिप में भारत के लिए पैरालंपिक कोटा सुनिश्चित कर चुकी हैं।

शीतल देवी और तोमन कुमार - फोटो : ANI
तीरंदाजी में शीतल-तोमन ने तोड़ा विश्व रिकॉर्ड
भारतीय तीरंदाज शीतल देवी और तोमन कुमार ने कंपाउंड मिक्स्ड टीम स्पर्धा के रैंकिंग राउंड में विश्व रिकॉर्ड बनाकर इतिहास रच दिया। दोनों ने मिलकर 1402 अंक हासिल किए और 1400 अंकों के पिछले विश्व रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। यह पुराना रिकॉर्ड भी शीतल देवी और राकेश कुमार के नाम था, जिन्होंने अहमदाबाद में विश्व पैरा तीरंदाजी सीरीज के दौरान इसे बनाया था। इस प्रदर्शन के साथ भारतीय जोड़ी ने एशियन पैरा गेम्स का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। चीन ने 2023 में हांगझोउ में 1382 अंकों के साथ यह रिकॉर्ड बनाया था।

व्यक्तिगत स्पर्धाओं में भी शीतल देवी ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने महिला कंपाउंड रैंकिंग राउंड में 704 अंक हासिल किए, जो नया एशियाई रिकॉर्ड और संयुक्त विश्व रिकॉर्ड रहा। वहीं, तोमन कुमार ने पुरुष कंपाउंड रैंकिंग राउंड में 698 अंक जुटाकर अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। शीतल महिला वर्ग में पहले और तोमन पुरुष वर्ग में तीसरे स्थान पर रहे। दोनों से पदक दौर में भी अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है।

निषाद कुमार - फोटो : ANI
निषाद कुमार ने लॉन्ग जंप में जीता स्वर्ण
पैरा एथलेटिक्स में निषाद कुमार ने पुरुषों की T47 लॉन्ग जंप स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर सबको चौंका दिया। ऊंची कूद में अपनी उपलब्धियों के लिए पहचाने जाने वाले निशाद ने लॉन्ग जंप में 7.11 मीटर की छलांग लगाकर पहला स्थान हासिल किया। उज्बेकिस्तान के ओमादबेक खासानोव 6.99 मीटर के साथ दूसरे और श्रीलंका के मोहम्मदू सफरान 6.55 मीटर के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

निषाद ने अपने दूसरे प्रयास में 7.09 मीटर की छलांग लगाकर बढ़त बनाई और तीसरे प्रयास में इसे 7.11 मीटर तक पहुंचा दिया। उन्होंने पांचवें प्रयास में भी अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की बराबरी की। लॉन्ग जंप में यह उनका एशियन पैरा गेम्स पदार्पण था। अब उनकी नजर मंगलवार को होने वाली T47 ऊंची कूद स्पर्धा पर होगी, जिसमें वह अपने खिताब का बचाव करने उतरेंगे।

रिंकू और सौम्या - फोटो : IANS
1500 मीटर में सौम्या को स्वर्ण, राधा को रजत
महिला 1500 मीटर T12/T13 स्पर्धा में भारत की सौम्या और राधा वेंकटेश ने स्वर्ण और रजत पदक जीतकर देश को दोहरी सफलता दिलाई। गाइड भरत कुमार के साथ दौड़ते हुए सौम्या ने 5 मिनट 12.39 सेकंड का समय निकालकर पहला स्थान हासिल किया। उन्हें 621 रजा अंक मिले।

वहीं, गाइड गोविंद सोलंकी के साथ दौड़ने वाली राधा वेंकटेश ने 5 मिनट 30.90 सेकंड में रेस पूरी की और 421 रजा अंकों के साथ रजत पदक अपने नाम किया। जापान की माना सासाकी कांस्य पदक जीतने में सफल रहीं। रजा अंक प्रणाली का इस्तेमाल अलग-अलग दिव्यांगता श्रेणियों के खिलाड़ियों के प्रदर्शन की निष्पक्ष तुलना के लिए किया जाता है। सौम्या इससे पहले एशियन यूथ पैरा गेम्स 2025, नई दिल्ली ग्रां प्री 2026 और इंडियन ओपन 2026 में भी स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। वहीं, राधा के नाम 2023 एशियन पैरा गेम्स का स्वर्ण पदक भी है।

रिंकू और अजीत - फोटो : IANS
भाला फेंक में रिंकू और अजीत सिंह का स्वर्ण-रजत पर कब्जा
पुरुषों की F46 भाला फेंक स्पर्धा में भारत ने पहले दो स्थान हासिल करते हुए शानदार प्रदर्शन किया। रिंकू ने 65.11 मीटर का थ्रो करके स्वर्ण पदक जीता, जबकि अजीत सिंह 65.02 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ रजत पदक हासिल करने में सफल रहे। दोनों भारतीय खिलाड़ियों के बीच महज नौ सेंटीमीटर का अंतर रहा। इंडोनेशिया के सक्त्योनो आर. ने 55.30 मीटर के थ्रो के साथ कांस्य पदक जीता। रिंकू और अजीत की इस उपलब्धि ने पैरा एथलेटिक्स में भारत की मजबूत स्थिति को और पुख्ता किया।

कोकिला - फोटो : IANS
पैरा जूडो में कपिल को कांस्य, कोकिला ने जीता रजत
पैरा जूडो में भारत के लिए कपिल परमार ने कांस्य पदक जीता। पुरुषों की J1-70 किलोग्राम स्पर्धा के कांस्य पदक मुकाबले में कपिल ने इंडोनेशिया के रफली अहनाफ शिदकी को महज 69 सेकंड में इप्पोन के जरिए हराया। पेरिस पैरालंपिक 2024 के कांस्य पदक विजेता कपिल ने क्वार्टर फाइनल में मंगोलिया के बातारसुरेन बात-एर्डेन को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। हालांकि, अंतिम चार में उन्हें इंडोनेशिया के जुनेदी के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद उन्होंने कांस्य पदक मुकाबले में दमदार वापसी की। कपिल इससे पहले हांगझोउ एशियन पैरा गेम्स में रजत पदक जीत चुके हैं।

महिला J2-52 किलोग्राम वर्ग में कोकिला ने रजत पदक हासिल किया। फाइनल में उनका सामना किर्गिस्तान की ऐबिके उलानबेक क्यजी से हुआ, जिन्होंने महज 21 सेकंड में इप्पोन के जरिए मुकाबला जीतकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। कोकिला ने फाइनल से पहले सेमीफाइनल में चीन की मौजूदा विश्व चैंपियन यी लियू को हराकर पदक पक्का किया था। हांगझोउ में उन्होंने महिलाओं के 48 किलोग्राम वर्ग में कांस्य जीता था। इस बार बदली हुई भार श्रेणी में उन्होंने फाइनल तक पहुंचकर रजत पदक हासिल किया।

कार्तिक बुडिगिना - फोटो : IANS
तैराकी में कार्तिक बुडिगिना ने दिलाया रजत
तैराकी में भारत के कार्तिक बुडिगिना ने पुरुषों की 100 मीटर फ्रीस्टाइल S13 स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश का खाता खोला। 18 वर्षीय कार्तिक ने 56.68 सेकंड में रेस पूरी की। उज्बेकिस्तान के बोलोतोव ने 52.90 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि कजाकिस्तान के विक्टर वोल्कोव 57.23 सेकंड में रेस पूरी कर कांस्य पदक जीतने में सफल रहे।

कार्तिक ने इससे पहले 2025 एशियन यूथ पैरा गेम्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए छह पदक जीते थे, जिनमें तीन स्वर्ण और तीन रजत पदक शामिल थे। उन्होंने 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स में भी हिस्सा लिया था, जहां वह 100 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा में चौथे स्थान पर रहे थे।

रक्षित राजू - फोटो : IANS
रक्षित के अयोग्य होने के बाद रवन्नी को कांस्य
महिला 1500 मीटर T11 स्पर्धा में भारत की रक्षित राजू ने शुरुआत में कांस्य पदक जीत लिया था, लेकिन बाद में नियम TR6.9 के उल्लंघन के कारण उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया। इसके बाद चौथे स्थान पर रही भारत की रवन्नी वलासनानी को तीसरे स्थान पर पदोन्नत किया गया और उन्होंने कांस्य पदक हासिल किया।

रक्षित ने गाइड तबरेज खान के साथ 5 मिनट 31.45 सेकंड का समय निकालते हुए रेस पूरी की थी, जबकि रवन्नी ने गाइड राहुल बालकृष्ण के साथ 5 मिनट 41.85 सेकंड का समय लिया था। नियम के तहत कपड़ों, जूतों और बिब से संबंधित निर्धारित शर्तों का पालन नहीं करने के कारण रक्षित का परिणाम रद्द हुआ। चीन की हे शानशान ने स्वर्ण और उनकी हमवतन हुआंग जेंगली ने रजत पदक जीता।
विज्ञापन

सौम्या, रिंकू, निषाद और मोना ने स्वर्ण जीते हैं - फोटो : Twitter
पहले दिन भारत का शानदार आगाज
एशियन पैरा गेम्स 2026 के पहले दिन भारतीय खिलाड़ियों ने जिस तरह अलग-अलग खेलों में प्रदर्शन किया, उससे देश की पदक उम्मीदों को मजबूती मिली है। निशानेबाजी में स्वर्ण और रजत, तीरंदाजी में विश्व रिकॉर्ड, पैरा एथलेटिक्स में कई पदक और तैराकी व पैरा जूडो में शानदार प्रदर्शन भारत के लिए उत्साहजनक संकेत हैं।

पहले दिन चार स्वर्ण, पांच रजत और दो कांस्य सहित 11 पदकों के साथ भारत पदक तालिका में चौथे स्थान पर है। प्रतियोगिता अभी शुरुआती दौर में है और आने वाले दिनों में भारतीय खिलाड़ियों के पास पदकों की संख्या बढ़ाने के कई अवसर होंगे। अब सबकी नजरें अगले मुकाबलों पर हैं, जहां भारतीय पैरा खिलाड़ी अपने अभियान को और मजबूत करने उतरेंगे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें