एशियन गेम्स में भारत के लिए रविवार का दिन शानदार रहा। उम्मीद थी कि भारत अपने स्वर्ण पदक की संख्या में बढ़ोतरी करेगा, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। आज भारत को स्क्वाश के साथ-साथ एथलेटिक्स में कई पदक मिले। भारत ने आज कुल सात पदक जीते और उसके पदकों की संख्या 37 तक पहुंच गई है।
आइए जानते हैं एशियन गेम्स में भारत के लिए रविवार का दिन कैसा रहा...
अनाहत और अभय
- फोटो : PTI
अभय और अनाहत ने जीते रजत पदक
एशियन गेम्स 2026 में भारत का स्क्वाश में पदक जीतने का सिलसिला जारी है। अभय सिंह और अनाहत सिंह ने अपने-अपने एकल मुकाबले में देश को रजत पदक दिलाए। पुरुष एकल में अभय और महिला एकल के फाइनल में अनाहत को हार मिली और इन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। अभय सिंह को पुरुष एकल वर्ग के फाइनल में मलयेशिया के ऐन योउ एंग के हाथों हार मिली। स्क्वाश में महिला एकल की फाइनल में अनाहत सिंह को मलयेशिया की सिवासंगारी सुब्रमणयम से 3-0 से हार मिली।
एशियन गेम्स
- फोटो : PTI
एथलेटिक्स में पदकों की झड़ी
एशियन गेम्स 2026 में रविवार का दिन भारतीय एथलेटिक्स के लिए शानदार रहा। ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धाओं में भारत ने कुल पांच पदक अपने नाम किए। हरिता भद्रा ने महिलाओं की 200 मीटर में कांस्य पदक जीता, जबकि तेजस्विन शंकर ने पुरुषों के डेकाथलॉन में कांस्य अपने नाम किया। पारुल चौधरी ने महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेज में कांस्य पदक जीता। वहीं, एंसी सोजन ने महिलाओं की लंबी कूद और सरवेश कुशारे ने पुरुषों की ऊंची कूद में रजत पदक हासिल किया। वहीं, पुरुषों की 200 मीटर फाइनल में भारत के अनिमेष कुजूर 20.80 सेकेंड के समय के साथ पांचवें स्थान पर रहे। हीट्स में शानदार प्रदर्शन के बाद फाइनल में पहुंचे अनिमेष पदक की दौड़ में जगह नहीं बना सके।
भारत की अभिनया राजाराजन, स्नेहा शनुवली, शिवांकर सुदेशना और तमन्ना की चौकड़ी ने महिला 4x100 मीटर रिले के फाइनल में जगह बना ली। भारतीय टीम ने हीट-1 में 43.65 सेकेंड के सीजन बेस्ट समय के साथ पहला स्थान हासिल किया। हालांकि, ओवरऑल टाइमिंग में भारत चीन और थाईलैंड के बाद तीसरे स्थान पर रहा। महिला 4x100 मीटर रिले का फाइनल सोमवार शाम 6:34 बजे खेला जाएगा।
मुक्केबाजी में भारत के तीन पदक पक्के
कॉमनवेल्थ गेम्स चैंपियन अंकुश पंघाल, परवीन और नरेंदर ने अपने-अपने क्वार्टर फाइनल मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। इसके साथ ही भारत के तीन और पदक पक्के हो गए हैं। अंकुश ने पुरुषों के 80 किग्रा वर्ग में ताजिकिस्तान के नेक्रूज सलीमोव को 5-0 से हराया, जबकि महिलाओं के 65 किग्रा में परवीन ने उज्बेकिस्तान की नवबाखोर खामिदोवा को इसी अंतर से मात दी। भारत के नरेंदर बेरवाल ने थाईलैंड के अदथापोंग सेंगटेप को शानदार अंदाज में हराया।
महिला हॉकी टीम की बड़ी जीत
सुनेलिता टोप्पो के दो गोल की मदद से भारतीय महिला हॉकी टीम ने रविवार को एशियन गेम्स के अपने अंतिम पूल बी मैच में सिंगापुर को 7-0 से रौंद दिया। महिला टीम का अब सेमीफाइनल में सामना कोरिया से होगा। भारत ने पांच मैच में पांच जीत के साथ पूल बी में शीर्ष स्थान हासिल किया। अब सेमीफाइनल 30 सितंबर को होगा। भारत के लिए कप्तान सलीमा टेटे (17वें मिनट), सुनेलिता (22वें, 24वें), लालरेमसियामी (26वें), रुतुजा दादासो पिसाल (29वें), निक्की प्रधान (35वें) और दीपिका (55वें) ने गोल किए।
ध्रुव-तनीषा, सिंधू, उन्नति और गायत्री-त्रिशा
- फोटो : ANI
बैडमिंटन में चुनौती समाप्त
एशियन गेम्स में बैडमिंटन से भारत के लिए रविवार का दिन निराशाजनक रहा। बैडमिंटन में भारत की चुनौती समाप्त हो गई। चार अलग अलग स्पर्धाओं में भारत को हार मिली। मिक्स्ड डबल्स में तनीषा क्रैस्टो और ध्रुव कपिला और महिला डबल्स में त्रिशा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी क्वार्टर फाइनल में हारकर बाहर हो गई। इसके बाद महिला एकल में युवा उन्नति हूडा को भी दुनिया की नंबर तीन खिलाड़ी जापान की अकाने यामागुची के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। उन्नति ने कड़ा मुकाबला किया, लेकिन निर्णायक गेम में 17-21 से हार गईं। इसके बाद दिग्गज पीवी सिंधू को भी क्वार्टर में चीन की विश्व नंबर-चार चेन यू फेई के खिलाफ 21-11, 18-21, 10-21 से हार का सामना करना पड़ा।
तीरंदाजी में भारत का चौतरफा दम
भारत ने एशियन गेम्स 2026 की तीरंदाजी में शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष और महिला कंपाउंड टीमों के साथ-साथ मिक्स्ड रिकर्व और कंपाउंड टीमों में भी सेमीफाइनल में जगह बना ली है। वहीं, सर्फिंग में भी तीन भारतीय खिलाड़ियों ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया। कंपाउंड मिक्स्ड टीम में चिकिथा तानिपार्थी और साहिल जाधव ने राउंड ऑफ 16 में मंगोलिया को 160-146 से हराया। इसके बाद क्वार्टर फाइनल में कजाकिस्तान को 159-154 से मात देकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। रिकर्व मिक्स्ड टीम में धीरज बोम्मादेवरा और कुमकुम अनिल मोहोद ने भी शानदार प्रदर्शन किया। भारतीय जोड़ी ने राउंड ऑफ 16 में यूएई को 6-0 से हराया और फिर क्वार्टर फाइनल में वियतनाम को भी 6-0 से शिकस्त देकर अंतिम चार में प्रवेश किया। भारत की पुरुष और महिला कंपाउंड टीमों ने भी सेमीफाइनल में जगह पक्की की।
इन खेलों में मिली निराशा
- एशियन गेम्स की तलवारबाजी स्पर्धा में भारत का अभियान रविवार को महिला साबरे टीम की उजबेकिस्तान के हाथों क्वार्टर फाइनल में हार के साथ समाप्त हो गया। सी ए भवानी देवी, श्रेया गुप्ता और जेफरलिन सिमला को उजबेक टीम ने 45-35 से हराया। तलवारबाजी में भारत का कोई भी खिलाड़ी पदक दौर तक नहीं पहुंच सका।
- भारतीय कुराश खिलाड़ियों का एशियाई खेलों में रविवार को निराशाजनक प्रदर्शन रहा जब चारों खिलाड़ी अपने अपने मुकाबले हार गए।
- भारत को एशियाई खेलों की सेपकटेकरा स्पर्धा में महिला युगल ग्रुप बी में दो पराजय का सामना करना पड़ा। प्रीति लोंगोलजाम, मेनेनु सुकरू और लेइरेंतोंबी देवी इलांगबाम की भारतीय टीम को दक्षिण कोरिया ने पहले मैच में 2-0 (15-8, 15-3) से हराया। इसके बाद फिलीपींस ने दूसरे मैच में 2-0 (15-12, 15-6) से शिकस्त दी।
- हरजिंदर कौर एशियाई खेलों की भारोत्तोलन स्पर्धा में महिलाओं के 69 किलो वर्ग में निराशाजनक नौवे स्थान पर रही। दो बार की राष्ट्रमंडल खेल पदक विजेता कौर ने स्नैच में 94 और क्लीन एंड जर्क में 110 समेत कुल 204 किलो वजन उठाया। पंजाब की 29 वर्ष की यह खिलाड़ी स्नैच में तीन में से दो प्रयासों में विफल रही। उन्होंने क्लीन एंड जर्क में एक ही प्रयास किया।