फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Asian Games Trials: सेमीफाइनल में हार के बाद विनेश ने उठाए सवाल, WFI ने कहा- चयन प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष

Sat, 30 May 2026 07:40 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

एशियन गेम्स 2026 के चयन ट्रायल्स में मीनाक्षी गोयत से हार के बाद विनेश फोगाट बाहर हो गईं और उन्होंने चयन प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि पूरा सिस्टम एक तरफ खड़ा है। वहीं, भारतीय कुश्ती महासंघ ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि ट्रायल्स पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से आयोजित किए गए थे तथा पूरी प्रक्रिया स्वतंत्र पर्यवेक्षकों की निगरानी में हुई।

विज्ञापन
विनेश फोगाट-संजय सिंह - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय महिला कुश्ती की दिग्गज पहलवान और तीन बार की ओलंपियन विनेश फोगाट एशियन गेम्स 2026 के चयन ट्रायल्स में हार के साथ बाहर हो गईं। शनिवार को इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित महिला 53 किलोग्राम वर्ग के ट्रायल्स के सेमीफाइनल मुकाबले में उन्हें मीनाक्षी गोयत के हाथों 6-4 से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ ही विनेश की एशियन गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करने की उम्मीद समाप्त हो गई।
विज्ञापन


ये भी पढ़ें: विनेश फोगाट का एशियन गेम्स 2026 में खेलने का सपना टूटा: ट्रायल्स के सेमीफाइनल में थमा सफर, मीनाक्षी से हारीं

विनेश फोगाट - फोटो : ANI
विनेश ने खड़े किए निष्पक्षता पर सवाल
हार के बाद विनेश फोगाट ने चयन प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए कहा कि ट्रायल्स के दौरान कई तरह की समस्याएं देखने को मिलीं और पूरा सिस्टम कुछ खिलाड़ियों के खिलाफ खड़ा दिखाई दिया। उन्होंने कहा, 'मुझे कुछ कहने की जरूरत नहीं है। जो कुछ हुआ, उसे पूरे देश ने देखा है। सुबह से शाम तक हर अंक को लेकर विवाद होता रहा। पूरा सिस्टम एक तरफ खड़ा है और हम दूसरी तरफ, लेकिन हमें गर्व है कि हम उनके खिलाफ मजबूती से खड़े हैं और आगे भी लड़ते रहेंगे।'

विनेश फोगाट - फोटो : IANS
'मैट पर अपना 100 प्रतिशत दिया'
अपनी हार पर प्रतिक्रिया देते हुए विनेश ने कहा कि उन्होंने मुकाबले में अपनी पूरी ताकत झोंक दी और कोई कमी नहीं छोड़ी। उन्होंने कहा, 'मैंने अपना सर्वश्रेष्ठ दिया। मैं नहीं चाहती थी कि मैट छोड़ते समय यह लगे कि मैं और बेहतर कर सकती थी। हो सकता है कि मेरी मेहनत में कहीं कमी रह गई हो, इसलिए अब और ज्यादा मेहनत करूंगी। लेकिन मुझे खुशी है कि जब मेरा बेटा बड़ा होगा तो वह देखेगा कि उसकी मां उसके 10 महीने का होने पर भी कुश्ती के मैट पर संघर्ष कर रही थी। मैं अपने बेटे के लिए प्रेरणा बनना चाहती हूं।'

चयन नीति को लेकर पहले से चल रहा था विवाद
  • विनेश फोगाट की ट्रायल्स में भागीदारी लंबे कानूनी विवाद के बाद संभव हो सकी थी।
  • उन्होंने भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) की चयन नीति को दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती दी थी।
  • उनका तर्क था कि मातृत्व अवकाश के कारण वह कुछ घरेलू प्रतियोगिताओं में हिस्सा नहीं ले सकीं, इसलिए केवल पदक विजेताओं को पात्र मानने वाली नीति उनके साथ भेदभावपूर्ण थी।
  • दिल्ली हाईकोर्ट ने उन्हें ट्रायल्स में भाग लेने की अनुमति दी थी और चयन प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए ट्रायल्स की वीडियो रिकॉर्डिंग तथा भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) और भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) के पर्यवेक्षकों की मौजूदगी के निर्देश दिए थे।
  • बाद में मामला सुप्रीम कोर्ट भी पहुंचा।
  • सर्वोच्च न्यायालय ने विनेश को अंतरिम राहत देते हुए ट्रायल्स में हिस्सा लेने की अनुमति दी, हालांकि उसने खेल प्रशासन में न्यायिक हस्तक्षेप को सीमित रखने की भी बात कही।

विनेश फोगाट - फोटो : PTI
डब्ल्यूएफआई ने आरोपों को किया खारिज
विनेश फोगाट के आरोपों के बीच भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के अध्यक्ष संजय सिंह ने चयन प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी बताया। उन्होंने कहा, 'ट्रायल्स बेहद साफ-सुथरे तरीके से संपन्न हुए। इसके लिए मैं रेफरी, अधिकारियों और मीडिया का धन्यवाद करता हूं। सभी की मौजूदगी में निष्पक्ष चयन हुआ। जिन खिलाड़ियों ने जीत हासिल की है, उन्हें बधाई और जो हार गए हैं, उन्हें और मेहनत करके वापसी करनी चाहिए।' संजय सिंह ने कहा कि ट्रायल्स के दौरान भारतीय ओलंपिक संघ और खेल मंत्रालय के पर्यवेक्षक मौजूद थे, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी बनी रही। उन्होंने कहा कि ऐसे में किसी तरह के आरोपों का कोई आधार नहीं बनता।

डब्ल्यूएफआई के महासचिव ने भी दी सफाई
डब्ल्यूएफआई के महासचिव जेपी यादव ने भी चयन प्रक्रिया का बचाव करते हुए कहा कि कुछ लोग अनावश्यक विवाद पैदा करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पूरी प्रक्रिया नियमों के अनुसार और पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई। उन्होंने कहा, 'हमारे पास रेफरी और अधिकारियों की पूरी रिपोर्ट है। सब कुछ पूरी तरह सही तरीके से हुआ। अगर कोई गड़बड़ी होती तो वह सभी के सामने दिखाई देती।'
विज्ञापन

विनेश फोगाट - फोटो : PTI
ट्रायल्स में कैसा रहा विनेश का प्रदर्शन?
53 किलोग्राम वर्ग में विनेश फोगाट का वजन 53.9 किलोग्राम दर्ज किया गया था, जिसके बाद उन्हें ड्रॉ में शामिल किया गया। उन्होंने शुरुआती मुकाबलों में ज्योति को 7-1 से हराया और फिर निशु के खिलाफ जीत दर्ज की। हालांकि सेमीफाइनल में मीनाक्षी गोयत के खिलाफ उन्हें 6-4 से हार का सामना करना पड़ा, जिसके बाद उनका अभियान समाप्त हो गया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें