एशियाड में स्क्वाश खिलाड़ियों का जलवा
- फोटो : PTI
भारत की स्टार स्क्वाश खिलाड़ी अनाहत सिंह महिला एकल और अभय सिंह पुरुष एकल वर्ग के फाइनल में पहुंच गए हैं। अनाहत और अभय अब स्वर्ण पदक लाने से एक कदम दूर हैं। वहीं, भारत की जोशना चिनप्पा और वेलवन सेंथिलकुमार को एशियन गेम्स में शनिवार को स्क्वाश प्रतियोगिता के मिश्रित युगल सेमीफाइनल में हॉन्गकॉन्ग के तांग मिंग हांग और ली का यी से हारने के बाद कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
किस तरह फाइनल से चूकी जोशना-सेंथिलकुमार की जोड़ी
जोशना और सेंथिलकुमार की जोड़ी नागोया किंजो फुटो एरिना में खेले गए तीन गेम के रोमांचक मुकाबले में (1-2) 10-11, 11-2, 10-11 से हार गई। भारतीय जोड़ी ने पहले गेम में ली का यी और तांग मिंग हांग के सामने कड़ी चुनौती पेश की, लेकिन उन्हें मामूली अंतर से हार झेलनी पड़ी। इसके बाद जोशना और सेंथिलकुमार ने शानदार वापसी करते हुए दूसरा गेम जीत लिया। तीसरे गेम में भी कड़ी टक्कर देखने को मिली लेकिन आखिर में हॉन्गकॉन्ग के खिलाड़ियों ने अपना संयम बनाए रखा और विजेता बनकर फाइनल में प्रवेश किया। भारतीय जोड़ी ने शुक्रवार को फिलीपींस के डेविड पेलिनो और जेमिका अरिबाडो पर जीत हासिल करके सेमीफाइनल में पहुंचकर अपने नाम पर पदक पक्का कर दिया था। 40 वर्षीय जोशना का यह एशियाई खेलों में छठा पदक है। इससे पहले वह एशियाई खेलों में दो रजत और तीन कांस्य पदक जीत चुकी थीं।
स्वर्ण से एक कदम दूर अनाहत
18 साल की अनाहत सिंह ने जापान की विश्व नंबर-6 सातोमी वातानाबे को हराकर महिला एकल के फाइनल में जगह बना ली है। इसके साथ ही भारत का कम से कम रजत पदक पक्का हो गया है। हालांकि, अनाहत अब स्वर्ण पर कब्जा करना चाहेंगी। अनाहत ने शुरुआती दो गेम गंवाने के बाद शानदार वापसी की। उन्होंने तीसरा गेम 12-10 से जीतकर मुकाबले में वापसी की और चौथे गेम में भी अपना दबदबा बनाए रखा। चौथा सेट अनाहत ने 11-6 और पांचवां और निर्णायक सेट 11-3 से अपने नाम किया और मैच 3-2 के अंतर से अपने नाम किया और फाइनल में जगह बनाई। अब फाइनल में उनका सामना चान सिन युक और शिवसंगरी सुब्रमण्यम के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल की विजेता से होगा। सुब्रमण्यम विश्व रैंकिंग में पांचवें स्थान पर हैं। फाइनल में पहुंचकर अनाहत ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। वह अब एशियन गेम्स में महिला एकल के स्वर्ण पदक के लिए मुकाबला करेंगी।
अभय ने पाकिस्तान के इरफान को हराया
भारत के अभय सिंह ने एशियन गेम्स 2026 के पुरुष एकल के फाइनल में जगह बना ली है। इसी के साथ उन्होंने कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया है। अभय अब स्वर्ण के लिए दावेदारी पेश करेंगे। अभय ने पाकिस्तान के मुहम्मद इरफान को एकतरफा अंदाज में सीधे गेम में 3-0 से हराकर खिताबी मुकाबले का टिकट कटाया। मुकाबला खत्म होने के बाद दोनों खिलाड़ियों ने हाथ मिलाया। इसके बाद अभय ने जीत का जश्न मनाया।