महिला टीम भी पदक की दौड़ में
प्रणवी की शानदार 63 का सीधा फायदा भारतीय महिला टीम को मिला। भारत सात अंडर 273 के कुल स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। टीम स्पर्धा में हर दौर के दो सर्वश्रेष्ठ स्कोर गिने जाते हैं। प्रणवी के अलावा दीक्षा डागर दो राउंड के बाद संयुक्त रूप से 21वें और अदिति अशोक संयुक्त रूप से 25वें स्थान पर हैं। चीन और सिंगापुर भारत से आगे हैं। भारत शीर्ष पर मौजूद चीन से पांच शॉट और दूसरे स्थान पर मौजूद सिंगापुर से चार शॉट पीछे है। अभी 36 होल का खेल बाकी है, ऐसे में भारत के पास महिला व्यक्तिगत और टीम दोनों स्पर्धाओं में पदक जीतने का मौका है।
तलवार सातवें स्थान पर खिसके
पुरुषों की स्पर्धा में भारत के सप्तक तलवार दूसरे दौर में दो अंडर 68 का कार्ड खेलने के बावजूद तीसरे स्थान से खिसककर संयुक्त सातवें स्थान पर पहुंच गए। उनका कुल स्कोर छह अंडर है। चीनी ताइपे के वांग वे शुआन और चीन के डिंग वेनयी नौ अंडर के स्कोर के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं। जापान के काजुकी हिगा और पूर्व हीरो इंडियन ओपन चैंपियन कीता नाकाजिमा आठ अंडर के स्कोर के साथ संयुक्त तीसरे स्थान पर हैं। पुरुष टीम स्पर्धा में जापान 264 के स्कोर के साथ शीर्ष पर है। चीन 265 के साथ दूसरे और कोरिया 266 के साथ तीसरे स्थान पर है। भारत 273 के स्कोर के साथ पांचवें स्थान पर है।
क्रिकेटरों को लेकर प्रणवी की मजेदार टिप्पणी
- प्रणवी ने गोल्फ की भारत में लोकप्रियता और क्रिकेटरों के इस खेल से जुड़ने पर मजेदार अंदाज में कहा कि विराट कोहली को गोल्फ खेलना शुरू करना चाहिए, इससे भारत में यह खेल और लोकप्रिय हो सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि क्रिकेटरों को इस बार गोल्फरों को देखने आना चाहिए।
- पूर्व भारतीय ऑलराउंडर युवराज सिंह के साथ गोल्फ खेलने का जिक्र करते हुए प्रणवी ने कहा कि वह बहुत अच्छे खिलाड़ी हैं और गेंद को काफी दूर तक मारते हैं, हालांकि गेंद कभी-कभी दोनों तरफ जा सकती है।
- प्रणवी के लिए एशियाई खेलों का प्रदर्शन इसलिए भी अहम है क्योंकि कुछ ही सप्ताह बाद हीरो महिला इंडियन ओपन होना है। उन्होंने कहा कि पदक की दावेदारी में होना अच्छा है और यह टूर्नामेंट उन्हें आगे के लिए जरूरी गति दे सकता है। अब प्रणवी की नजरें शुक्रवार के तीसरे दौर पर हैं। उन्होंने कहा कि वह अभी किसी और चीज के बारे में नहीं सोच रही हैं और उनका पूरा ध्यान अगले राउंड पर है।