फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तीरंदाजी में ट्रिपल गोल्ड: पिछड़ रही थी पुरुष कंपाउंड टीम, आखिरी छह शॉट में पलटी बाजी; चीन को हराकर जीता सोना

Wed, 30 Sep 2026 01:01 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, आइची नागोया

सार

भारतीय तीरंदाजों ने एशियन गेम्स में शानदार सुबह को यादगार बना दिया। पुरुष कंपाउंड टीम ने चीन को 238-237 से हराकर स्वर्ण जीता। इससे पहले महिला टीम और मिश्रित टीम भी गोल्ड जीत चुकी थीं। इस तरह भारत ने तीरंदाजी के तीनों कंपाउंड इवेंट में स्वर्ण अपने नाम किए। भारत के कुल पदक 59 हो गए हैं।
विज्ञापन
भारतीय तीरंदाजों का कमाल - फोटो : PTI/IANS
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय तीरंदाजों ने एशियन गेम्स में बुधवार की सुबह भारत को शानदार तोहफा दिया। कंपाउंड तीरंदाजी के तीनों इवेंट में भारतीय टीम ने स्वर्ण पदक जीत लिया। पुरुष टीम ने फाइनल में चीन को 238-237 से हराकर दिन का तीसरा तीरंदाजी गोल्ड अपने नाम किया। इससे पहले महिला टीम और मिश्रित टीम भी स्वर्ण जीत चुकी थीं।

विज्ञापन


युवा तिकड़ी ने भारत को दिलाया गोल्ड
भारत के तीनों खिलाड़ी युवा हैं। 21 वर्षीय कुशल दलाल, 25 वर्षीय साहिल राजेश और 20 वर्षीय मणि रत्नम गणेश थिरुमुरु की तिकड़ी ने दबाव में धैर्य बनाए रखा और भारत को गोल्ड दिलाया।

विज्ञापन

एक अंक से जीता फाइनल
साहिल राजेश, कुशल दलाल और मणि रत्नम गणेश की भारतीय तिकड़ी ने चीन के खिलाफ फाइनल में शानदार जुझारूपन दिखाया। तीन राउंड यानी 18 शॉट के बाद भारत एक अंक से पीछे चल रहा था। तब चीन का स्कोर 179 और भारत का 178 था। इसके बाद आखिरी राउंड में भारतीय टीम ने मुकाबला पलट दिया।

आखिरी छह शॉट में चीन के एक तीरंदाज ने आठ अंक का निशाना लगाया। इसका फायदा भारत को मिला और भारतीय टीम एक अंक की बढ़त पर पहुंच गई। अंत में भारत ने 238 अंक बनाए, जबकि चीन 237 अंक ही हासिल कर सका। इस तरह भारतीय टीम ने स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया।



तीन इवेंट, तीनों में भारत का गोल्ड
भारत ने आज कंपाउंड तीरंदाजी के तीनों इवेंट में स्वर्ण जीता। सबसे पहले चिकिथा तानिपर्थी, पृथिका प्रदीप और ज्योति सुरेखा वेन्नम की महिला कंपाउंड टीम ने चीन को हराकर गोल्ड अपने नाम किया था। इसके बाद चिकिथा और साहिल जाधव की मिश्रित टीम ने दक्षिण कोरिया को हराकर भारत को दूसरा स्वर्ण दिलाया। पुरुष टीम ने भी चीन के खिलाफ फाइनल में जीत दर्ज कर तीरंदाजी में भारत का गोल्डन हैट्रिक पूरा कर दिया।

भारतीय तीरंदाजों का कमाल - फोटो : PTI

पांच घंटे में चार स्वर्ण
भारत के लिए यह सुबह बेहद खास रही। तीरंदाजी में तीन स्वर्ण पदकों के अलावा भारतीय शूटिंग टीम ने भी मिक्स्ड ट्रैप में गोल्ड जीता। यानी करीब पांच घंटे के अंदर भारत के खाते में चार स्वर्ण पदक आ गए। शूटिंग में नीरू ढांडा और किनान चेनाई की जोड़ी ने मिक्स्ड ट्रैप में स्वर्ण जीता था। इसके बाद भारतीय तीरंदाजों ने कंपाउंड के तीनों इवेंट में सोना जीतकर कमाल कर दिया। इसके अलावा आज भारत के दो कांस्य भी मिले हैं। दोनों कांस्य मुक्केबाजी में आए हैं। प्रिया घंघस और कपिल पोखरिया ने कांस्य अपने नाम किया।

विज्ञापन

नीरू और किनान - फोटो : Twitter

भारत के 59 पदक पूरे
पुरुष कंपाउंड टीम के स्वर्ण के साथ भारत के कुल पदकों की संख्या 59 हो गई है। भारत के खाते में अब 10 स्वर्ण, 21 रजत और 28 कांस्य पदक हैं। तीरंदाजी ने इस अभियान में भारत की पदक तालिका को तेजी से मजबूत किया है। बुधवार को कंपाउंड के तीनों इवेंट में गोल्ड जीतना भारतीय दल के लिए बड़ी उपलब्धि रही।
 

खेल स्वर्ण रजत कांस्य कुल
तीरंदाजी 3 0 0 3
एथलेटिक्स 1 9 14 24
बैडमिंटन 0 0 1 1
मुक्केबाजी 0 0 3 3
क्रिकेट 1 0 0 1
कबड्डी 2 0 0 2
कुराश 0 0 1 1
मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स 0 0 1 1
रोइंग 0 0 1 1
शूटिंग 3 8 4 15
सॉफ्ट टेनिस 0 0 1 1
स्क्वॉश 0 2 1 3
टेबल टेनिस 0 0 1 1
भारोत्तोलन 0 1 0 1
वुशु 0 1 0 1
कुल 10 21 28 59
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें