सुरुचि और कमलजीत ने किया कमाल
- फोटो : Twitter
शूटिंग में खत्म हुआ इंतजार, कमलजीत-सुरुचि ने जीता गोल्ड
- भारत को छठे दिन का पहला बड़ा पदक शूटिंग से मिला। कमलजीत और सुरुचि सिंह की जोड़ी ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। भारतीय जोड़ी ने फाइनल में 484.6 अंक हासिल किए और एशियन गेम्स के साथ-साथ एशियन रिकॉर्ड भी अपने नाम किया।
- सुरुचि ने 245.7 और कमलजीत ने 238.9 अंक का योगदान दिया। भारतीय जोड़ी शुरुआत से ही मुकाबले में बढ़त बनाए रही और अंत तक उसे कायम रखा। दक्षिण कोरिया ने 478.0 अंक के साथ रजत और ईरान ने 415.8 अंक के साथ कांस्य पदक जीता।
- इस स्वर्ण ने भारतीय शूटिंग दल को भी राहत दी, क्योंकि 10 मीटर एयर पिस्टल की व्यक्तिगत और टीम स्पर्धाओं में भारत पदक नहीं जीत सका था। कमलजीत और सुरुचि का प्रदर्शन शूटिंग में आगे आने वाली स्पर्धाओं के लिए अहम साबित हो सकता है।
ऐश्वर्य, नीरज और रुद्रांक्ष
- फोटो : IANS
50 मीटर राइफल में रजत
पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन टीम स्पर्धा में ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, रुद्रांक्ष पाटिल और नीरज कुमार की टीम ने रजत पदक जीता। भारत ने 1762-94x का स्कोर किया, जबकि चीन ने 1766-95x के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। दक्षिण कोरिया को कांस्य मिला। भारत लंबे समय तक स्वर्ण की दौड़ में बना हुआ था, लेकिन चीन ने अंतिम चरण में बेहतर प्रदर्शन करते हुए चार अंकों की बढ़त हासिल कर ली।
ऐश्वर्य और नीरज ने व्यक्तिगत फाइनल में भी जगह बनाई। ऐश्वर्य 589-34x के साथ तीसरे और नीरज 588-34x के साथ चौथे स्थान पर रहे। रुद्रांक्ष 585-26x के साथ नौवें स्थान पर रहे और एक देश से अधिकतम दो निशानेबाजों के फाइनल में पहुंचने के नियम के कारण व्यक्तिगत फाइनल में जगह नहीं बना सके।
गुलवीर सिंह
- फोटो : IANS
गुलवीर ने बदला पदक का रंग, 10 हजार मीटर में जीता रजत
एथलेटिक्स में गुलवीर सिंह ने पुरुषों की 10 हजार मीटर दौड़ में रजत पदक जीतकर अपने पिछले एशियाई खेलों के प्रदर्शन को बेहतर किया। उन्होंने 28:29.38 का समय निकाला और दूसरे स्थान पर रहे। गुलवीर ने 2023 हांगझोउ एशियन गेम्स में इस स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था। इस बार उन्होंने उस पदक का रंग बदलते हुए रजत अपने नाम किया। बहरीन के बिरहानु बालेयू ने 28:27.51 के समय के साथ स्वर्ण और अलबर्ट किप्टो ने 28:34.38 के समय के साथ कांस्य पदक जीता।
मनप्रीत कौर
- फोटो : Athletics Federation of India
मनप्रीत कौर ने शॉटपुट में जीता कांस्य
महिला शॉटपुट में मनप्रीत कौर ने 17.17 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ कांस्य पदक जीता। उनका आखिरी प्रयास फाउल रहा, जिसके कारण वह पदक का रंग नहीं बदल सकीं। चीन की झी जिआयुआन ने 19.40 मीटर के साथ स्वर्ण और झांग लिनरू ने 18.14 मीटर के साथ रजत पदक जीता। भारत की कृष्णा मेनन 16.57 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ पांचवें स्थान पर रहीं।
बरानिका इलांगोवन
- फोटो : Athletics Federation of India
बरानिका ने पोल वॉल्ट में रचा इतिहास
महिला पोल वॉल्ट में बरानिका इलांगोवन ने भारत के लिए ऐतिहासिक कांस्य पदक जीता। उन्होंने 4.15 मीटर की सर्वश्रेष्ठ छलांग लगाई। कजाकिस्तान की पोलिना इवानोवा ने भी 4.15 मीटर की छलांग लगाई और दोनों ने कांस्य पदक साझा किया। यह एशियन गेम्स में भारत का महिला पोल वॉल्ट का पहला पदक है। जापान की मिसाकी मोरोटा ने 4.55 मीटर के साथ स्वर्ण और चीन की चुंगगे निउ ने 4.50 मीटर के साथ रजत जीता।
मानुष शाह
- फोटो : IANS
टेबल टेनिस में मानुष-दिया को कांस्य
टेबल टेनिस में मानुष शाह और दिया चिताले की मिश्रित युगल जोड़ी ने कांस्य पदक पक्का किया। सेमीफाइनल में उन्हें चीन की मौजूदा चैंपियन जोड़ी सुन यिंगशा और वांग चुकिन से 0-4 से हार मिली। भारतीय जोड़ी ने क्वार्टर फाइनल में वोंग चुन टिंग और डू होई के खिलाफ 3-1 से जीत दर्ज कर अंतिम चार में जगह बनाई थी। सेमीफाइनल में हालांकि चीनी जोड़ी ने 11-8, 11-5, 11-8 और 11-2 से मुकाबला अपने नाम कर लिया। मानुष और दिया एशियन गेम्स में मिश्रित युगल का पदक जीतने वाली भारत की दूसरी जोड़ी बन गए हैं। उनसे पहले शरत कमल और मनिका बत्रा ने यह उपलब्धि हासिल की थी।
अनाहत सिंह
- फोटो : IANS
स्क्वॉश में तीन पदक पक्के
छठे दिन स्क्वॉश में भारत ने एक साथ तीन पदक पक्के किए। जोशना चिनप्पा और वेलावन सेंथिलकुमार ने मिश्रित युगल के सेमीफाइनल में जगह बनाकर पदक सुनिश्चित किया। दोनों ने क्वार्टर फाइनल में फिलीपींस की डेविड पेलिनो और जेमिका अरिबाडो की जोड़ी को 11-3, 11-5 से हराया। महिला एकल में अनाहत सिंह ने क्वार्टर फाइनल में अपनी ही देश की तान्वी खन्ना को 11-2, 11-5, 11-3 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। अब उनका सामना जापान की विश्व नंबर छह सातोमी वतनाबे से होगा। पुरुष एकल में अभय सिंह ने जापान के रयोनोसुके त्सुकुए को 11-4, 11-3, 11-6 से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई। सेमीफाइनल में उनका सामना पाकिस्तान के इरफान मुहम्मद से होगा।
भारतीय पुरुष और महिला कबड्डी टीम
- फोटो : IANS
कबड्डी में महिला और पुरुष दोनों फाइनल में
- कबड्डी में भारत का दबदबा जारी रहा।
- भारतीय महिला टीम ने सेमीफाइनल में नेपाल को 48-24 से हराकर फाइनल में जगह बनाई।
- भारत हाफ टाइम तक 31-17 से आगे था और दूसरे हाफ में भी उसने बढ़त बरकरार रखी।
- पुरुष टीम ने थाईलैंड को 66-28 से हराकर फाइनल का टिकट कटाया।
- भारत ने पहले हाफ में 37 और दूसरे हाफ में 29 अंक हासिल किए।
- अब महिला टीम लगातार चौथे एशियन गेम्स स्वर्ण की ओर कदम बढ़ाएगी, जबकि पुरुष टीम 2023 में जीते खिताब का बचाव करने उतरेगी।
भारतीय महिला हॉकी टीम
- फोटो : Hockey India
महिला हॉकी टीम सेमीफाइनल में
भारतीय महिला हॉकी टीम ने मेजबान जापान को 3-1 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। लालरेम्सियामी, इशिका चौधरी और नवनीत कौर ने भारत के लिए गोल किए, जबकि जापान की ओर से शिहो कोबायाकावा ने एक गोल किया।भारत ने इससे पहले उज्बेकिस्तान को 19-0, इंडोनेशिया को 17-1 और थाईलैंड को 20-1 से हराया था। टीम अपने पूल के सभी चार मुकाबले जीत चुकी है और अब रविवार को सिंगापुर के खिलाफ आखिरी पूल मैच खेलेगी।
सात्विक-चिराग
- फोटो : PTI
बैडमिंटन में सात्विक-चिराग ने किया निराश
दिन का सबसे बड़ा झटका बैडमिंटन में लगा। गत चैंपियन सात्विकसाईराज रेंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी पुरुष डबल्स के पहले ही दौर में थाईलैंड के पीराचाई सुखफुन और पक्कापोन तीरात्साकुल से हारकर बाहर हो गए। भारतीय जोड़ी ने पहला गेम 21-12 से जीता, लेकिन इसके बाद थाई जोड़ी ने वापसी करते हुए दूसरा गेम 21-19 और निर्णायक गेम 21-14 से जीत लिया। एक घंटे से ज्यादा चले मुकाबले के बाद सात्विक-चिराग का एशियन गेम्स में अपने स्वर्ण का बचाव करने का अभियान समाप्त हो गया। हालांकि, मिश्रित युगल में तनिशा क्रास्टो और ध्रुव कपिला ने क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। महिला डबल्स में ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद ने भी हांगकांग की जोड़ी को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।
सचिन सिवाच
- फोटो : BAI Media
बॉक्सिंग में सचिन क्वार्टर फाइनल में, प्रीति बाहर
मुक्केबाजी में सचिन सिवाच ने पुरुषों के 60 किलोग्राम वर्ग में जॉर्डन के मोहम्मद अदनान अबू जाजेह को 4-1 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। अब उनका सामना जापान के शुनसुके कितामोतो से होगा। वहीं, पिछली बार की कांस्य पदक विजेता और राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता प्रीति पवार को महिलाओं के 54 किलोग्राम वर्ग में हार का सामना करना पड़ा। वह उत्तर कोरिया की मौजूदा एशियन गेम्स चैंपियन पांग चोल एम से 0-5 से हारकर बाहर हो गईं।
फेंसिंग में दोनों भारतीय टीमें बाहर
फेंसिंग में भारत को निराशा हाथ लगी। पुरुषों की फॉयल टीम को हांगकांग ने 45-27 से हराकर बाहर कर दिया, जबकि महिला एपी टीम को उज्बेकिस्तान के खिलाफ 29-45 से हार मिली। दोनों भारतीय टीमें राउंड ऑफ 16 में ही प्रतियोगिता से बाहर हो गईं।
हैमर थ्रो में नहीं मिला पदक
भारत को एथलेटिक्स की हैमर थ्रो स्पर्धा में निराशा मिली। भारत को दोनों एथलीट पदक अपने नाम नहीं कर सके। दमनीत सिंह 67.56 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ नौवें और प्रवीण कुमार 65.24 मीटर के साथ 11वें स्थान पर रहे।