फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अरविंद की हैट्रिक, नई रोशनी बनकर उभरीं ज्योति

Tue, 20 Nov 2012 12:38 AM IST
इलाहाबाद/अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
लगातार दो बार अखिल भारतीय प्राइजमनी इंदिरा मैराथन पर कब्जा करने वाले रेलवे के अरविंद यादव ने इस प्रतिष्ठापरक प्रतियोगिता के 28वें संस्करण में भी अपनी बादशाहत बरकरार रखी। इस जीत के साथ उन्होंने अपनी हैट्रिक भी पूरी कर ली। अरविंद को सेना के सत्य प्रकाश से कड़ी टक्कर मिली लेकिन फिनिशिंग प्वाइंट से कुछ पहले अरविंद ने अपनी गति अचानक तेज करते हुए जो फासला कायम किया, उसने सत्य प्रकाश को दूसरे नंबर पर ही रोक दिया। तीसरे स्थान पर सेना के ही सानरू यादव का कब्जा रहा।
विज्ञापन


वहीं, महिला वर्ग में पिछले साल की विजेता अनीशा देवी और सुकन्या मल्ल के फिनिशिंग प्वाइंट से कुछ पहले गश खाकर गिर जाने से मैराथन में पहली बार दौड़ीं भदोही की 20 वर्षीय ज्योति सिंह को चैंपियन होने का गौरव प्राप्त हुआ जबकि दूसरे स्थान पर हमीरपुर की रंजना सिंह और तीसरे पर ग्रेडर नोएड की इंद्रेश धीरज रहीं। इंद्रेश की यह लगातार 25वीं इंदिरा मैराथन थी। इस दौड़ के साथ उन्होंने इस मैराथन में अपनी सिल्वर जुबली भी पूरी कर ली। हर साल पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती पर आयोजित होने वाली 42.195 किमी की मैराथन का उद्घाटन सोमवार सुबह साढ़े छह बजे आनंद भवन के सामने प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री राम करन आर्य ने किया।

दौड़ की शुरुआत में रेलवे के अरविंद कुमार यादव की रफ्तार काफी सुस्त थी। जबलपुर आर्मी के सत्य प्रकाश, लद्याख आर्मी के सानरू यादव, पुणे आर्मी के सुनील और बुद्धा राम अरविंद से काफी आगे निकल चुके थे। दस किमी की दूरी तय करने के बाद अरविंद सातवें नंबर पर थे। देखते ही देखते, हाईकोर्ट, सुभाष चौक, हनुमान मंदिर, सीएमपी कालेज, बैरहाना चौराहा निकल गया। नए यमुना पुल पर चढ़ने के बाद रेलवे केअरविंद ने अपनी गति तेज की। वह सत्य प्रकाश, सानरू यादव, सुनील के करीब पहुंच गए। 19 किमी पर अरविंद सिर्फ सुनील और सत्य प्रकाश से पीछे थे।
विज्ञापन


27 किमी की दौड़ पूरी करने के बाद टर्निंग प्वाइंटर पर अरविंद सिर्फ जबलपुर आर्मी के सत्य प्रकाश से पीछे थे। लौटते वक्त नैनी चौराहे पर अरिवंद और सत्य प्रकाश साथ-साथ दौड़ रहे थे। सीएमपी कालेज तक दोनों साथ थे लेकिन मेडिकल चौराहे पर अरविंद ने अचानक अपनी गति तेज कर दी और देखते-देखते सत्य प्रकाश पिछड़ गए। दो मिनट के भीतर अरविंद ने सत्य प्रकाश से 50 मीटर का फासला कायम कर लिया। हनुमान मंदिर चौराहे के पास यह फासला बढ़कर 100 मीटर पहुंच गया। इसके बाद अरविंद ने पीछे मुड़कर नहीं देखा।

दर्शकों के शोर और तालियों की गड़गड़ाहट के बीच वह मदनमोहन मालवीय स्टेडियम में दाखिल हुए। अरविंद ने दो घंटे, 21 मिनट, 50.8 सेकंड में 42.195 किमी की दौड़ पूरी कर पहला स्थान प्राप्त किया। दूसरे स्थान पर रहे सत्य प्रकाश ने दो घंटे, 22 मिनट, 22.4 सेकंड और तीसरे स्थान पर रहे लद्याख आर्मी के सानरू यादव ने दो घंटे, 22 मिनट, 41.6 सेकंड में दौड़ पूरी की। वहीं महिला वर्ग में भदोही की ज्योति सिंह ने तीन घंटे, 10 मिनट, 57 सेकंड में दौड़ पूरी कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। हमीरपुर की रंजना सिंह ने  तीन घंटे 24 मिनट, 32 सेकंड में दौड़ पूरी कर दूसरा और इंद्रेश धीरज ने तीन घंटे 28 मिनट, 16 सेकंड में पूरी कर तीसरा स्थान हासिल किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें