भारतीय पुरुष हॉकी टीम के डिफेंडर अमित रोहिदास ने शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय हॉकी में 250 मैच पूरे कर बड़ी उपलब्धि हासिल की। वहीं, मिडफील्डर राजिंदर सिंह ने भी भारत के लिए अपना 50वां अंतरराष्ट्रीय मुकाबला पूरा किया। दोनों खिलाड़ियों ने यह उपलब्धि एफआईएच हॉकी पुरुष विश्व कप 2026 के बेल्जियम के खिलाफ 7वें-8वें स्थान के क्लासिफिकेशन मैच के दौरान हासिल की।
250 इंटरनेशनल कैप पूरे करने वाले अमित रोहिदास
- ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले से आने वाले अनुभवी डिफेंडर अमित रोहिदास भारतीय टीम के डिफेंस के अहम खिलाड़ियों में शामिल हैं। वह पेनल्टी कॉर्नर डिफेंस में टीम के पहले रशर की महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
- रोहिदास ने वर्ष 2013 में मलयेशिया के इपोह में खेले गए सुल्तान अजलान शाह कप के दौरान भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था। इसके बाद उन्होंने भारतीय हॉकी में अपनी अलग पहचान बनाई और मौजूदा टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में शामिल हो गए।
- अमित रोहिदास भारत की टोक्यो 2020 और पेरिस 2024 ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली टीमों का हिस्सा रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने एफआईएच ओडिशा हॉकी पुरुष विश्व कप 2023 में भारतीय टीम के उप-कप्तान की जिम्मेदारी भी संभाली थी।
राजिंदर सिंह ने पूरे किए 50 इंटरनेशनल कैप
हरियाणा के सिरसा जिले के संत नगर के रहने वाले मिडफील्डर राजिंदर सिंह ने भी बेल्जियम के खिलाफ मुकाबले में अंतरराष्ट्रीय हॉकी में 50 मैच पूरे कर लिए। राजिंदर सिंह नामधारी स्पोर्ट्स अकादमी में प्रशिक्षण लेते हैं। उन्होंने अक्तूबर 2024 में जर्मनी के खिलाफ भारतीय सीनियर टीम के लिए डेब्यू किया था।
राजिंदर भारतीय हॉकी के जूनियर सिस्टम से निकलकर सीनियर टीम तक पहुंचे हैं। वह 2023 पुरुष जूनियर एशिया कप में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे थे। इसके अलावा उन्होंने 2023 एफआईएच जूनियर पुरुष हॉकी विश्व कप में भारत को चौथे स्थान तक पहुंचाने में योगदान दिया था। इसके बाद उन्हें एफआईएच हॉकी पुरुष विश्व कप 2026 के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया, जहां उन्होंने अपना विश्व कप पदार्पण किया।
'देश के लिए 250 कैप पूरे करना शानदार अहसास'
250 अंतरराष्ट्रीय कैप पूरे करने पर अमित रोहिदास ने कहा कि यह उनके लिए बेहद खास और गर्व का पल है। उन्होंने कहा, 'अपने देश के लिए 250 कैप पूरे करना अविश्वसनीय अहसास है। जब भी मैं भारत की जर्सी पहनकर मैदान पर उतरता हूं, तो अपने साथ अपनी टीम, परिवार और उन सभी लोगों का गर्व लेकर चलता हूं, जिन्होंने हमेशा मेरा समर्थन किया है।' रोहिदास ने हॉकी इंडिया, अपने कोच और टीम के साथियों का लगातार विश्वास बनाए रखने के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि वह आगे भी ज्यादा से ज्यादा समय तक टीम में योगदान देने की कोशिश करेंगे।
राजिंदर बोले- इतने कम समय में 50 कैप मिलना मेरे लिए बड़ी बात
राजिंदर सिंह ने 50 अंतरराष्ट्रीय कैप पूरे करने पर कहा कि करियर के शुरुआती दौर में यह उपलब्धि हासिल करना उनके लिए काफी मायने रखता है। उन्होंने कहा, 'अपने करियर के इतने शुरुआती दौर में 50 कैप पूरे करना मेरे लिए बहुत खास है। पिछले दो साल काफी तेजी से आगे बढ़े हैं और इसके लिए मैं अपने सीनियर साथियों और कोचिंग स्टाफ के समर्थन का आभारी हूं। मैं लगातार सीखना और सुधार करना चाहता हूं, ताकि टीम के लिए और अधिक योगदान दे सकूं।'
हॉकी इंडिया ने दोनों खिलाड़ियों को दी बधाई
हॉकी इंडिया के अध्यक्ष और पूर्व भारतीय कप्तान डॉ. दिलीप टिर्की ने दोनों खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि अमित रोहिदास एक दशक से अधिक समय से भारतीय टीम की डिफेंस की रीढ़ रहे हैं। वहीं, कम उम्र में राजिंदर सिंह का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाना भारतीय टीम की मजबूती और गहराई को दर्शाता है।
हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने भी दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि विश्व कप में बेल्जियम के खिलाफ एक ही मुकाबले के दौरान दोनों का व्यक्तिगत मील का पत्थर हासिल करना भारतीय हॉकी के लिए खास दिन है। उन्होंने कहा कि हॉकी इंडिया दोनों खिलाड़ियों के समर्पण और भारतीय हॉकी में उनके योगदान को सम्मान देता है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता है।