फार्मूला वन रेस के दौरान एनसीआर का होटल व्यवसाय टॉप गियर में है। आयोजन में महीने भर का समय ही शेष है। बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट (बीआईसी) के नजदीक व जिले के लगभग सभी होटल 26 से 28 अक्तूबर तक के लिए फुल हो चुके हैं। एनसीआर के लगभग सभी होटलों का यही हाल है।
बीआईसी अफसरों को उम्मीद है कि इस बार एक लाख से ज्यादा दर्शक फाइनल देखने पहुंचेंगे। बीआईसी की रोज की कैपिसिटी भी इतनी ही कर दी गई है। 13 अक्तूबर तक सभी टिकट बेचने का लक्ष्य तय कर दरें ऑफर के तहत घटा दी गई हैं।
नोएडा सेक्टर 18 स्थित होटल रेडिसन ब्लू की बुकिंग लगभग फुल है। मयूर विहार स्थित हिल्टन होटल व डबल ट्री होटल में भी 26 से 28 अक्तूबर के लिए बुकिंग नहीं है। नोएडा व ग्रेटर नोएडा के अन्य होटलों का भी यही हाल है। अब मेहमानों के पास नजदीक में विकल्प सीमित हैं।
पिछली बार भी मेहमानों को रात बिताने के लिए गुड़गांव स्थित होटलों तक का सहारा लेना पड़ा था। दूसरी ओर, प्रशासन भी अधिकारियों व वीवीआईपी को ठहराने के लिए चिंता में है। वह जल्द ही होटलों को कमरे उपलब्ध कराने का फरमान जारी कर सकता है। इसे लेकर मंगलवार को बैठक बुलाई गई है।
यहां बुकिंग फुल
- पार्क प्लाजा, नोएडा
- रेडिसन ब्लू एमबीडी, नोएडा
- होटल मोजैक, नोएडा
- सवॉय सूइट्स, नोएडा
- जेपी ग्रीन गोल्फ एंड स्पॉ रेसार्ट, ग्रेटर नोएडा
- हिल्टन होटल, मयूर विहार दिल्ली
- डबल ट्री होटल, मयूर विहार दिल्ली
रेस के तीनों दिन कमरों की बुकिंग लगभग फुल है। अलग-अलग एजेंसियों ने होटल बुक कराया है।
- बी.कबिचंद्र शर्मा, ऑफिस एक्जीक्यूटीव रेडिसन ब्लू एमबीडी।
बेड एंड ब्रेकफॉस्ट है विकल्प
कॉमनवेल्थ खेलों के दौरान आए मेहमानों को बेड एंड ब्रेकफॉस्ट स्कीम से काफी राहत मिली थी। होटलों में जगह न मिली तो लोगों ने आसरा दिया। फार्मूला वन रेस के दौरान सर्किट के आसपास होटलों में कमरे कम पड़ने लगे हैं तो इस स्कीम को लागू कर संकट दूर किया जा सकता है। इससे मेहमानों को सुविधा तो होगी ही, स्थानीय लोगों की अतिरिक्त आमदनी भी होगी। फेडरेशन ऑफ नोएडा रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष एनपी सिंह का कहना है कि नोएडा मेहमानों के स्वागत को पूरी तरह तैयार है। प्रशासन ऐसी योजना लागू करता है तो बढ़-चढ़कर सहयोग दिया जाएगा।
रेस के दौरान ट्रैफिक, सुरक्षा से लेकर मेहमानों के रहन-सहन संबंधी मुद्दों पर एक बैठक मंगलवार को बुलाई गई है। इसमें ही इससे संबंधित फैसले लिए जाएंगे।
- पुष्पराज सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट नोएडा
सचिन से लेकर शाहरुख तक पहुंचे थे
फार्मूला वन रेस के आम लोग ही नहीं, सेलीब्रिटी भी दीवाने हैं। पिछली बार बड़ी संख्या में सेलीब्रिटी रेस का लुत्फ उठाने पहुंचे थे। इनमें मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर, बॉलीवुड के सुपर स्टार शाहरुख खान, फरदीन खान, मिस्टर बीन रॉन एटकिसन, वर्जिन एटलांटिक एयरलाइंस के प्रेसिडेंट रिचर्ड ब्रेसन, अभिनेत्री प्रीति जिंटा, दीपिका पादुकोण, भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी, हरभजन सिंह, वीरेंद्र सहवाग, टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा शामिल थे।
जल्द बनेंगे नए होटल
शहर में होटलों की तादाद जल्द ही बढ़ने वाली है। होटल आवंटन विवाद निपटने के बाद देश-दुनिया के सात बड़े होटल ग्रुप ने नोएडा का दामन थाम लिया है। ये कंपनियां फाइव स्टार होटल बनाएंगी, जो इस प्रकार हैं ऱ्
कंपनी :-हैंपशायर होटल्स एंड रिसोर्ट
प्लॉट नंबर : एच-3, सेक्टर-96
क्षेत्रफल : 24000
कंपनी : अरोडा होल्डिंग लि.
प्लॉट नंबर : एच-6, सेक्टर-97
क्षेत्रफल : 24000 वर्गमीटर
कंपनी : क्रिमसन होटल्स लि.
प्लॉट नंबर : एच-7, सेक्टर-98
क्षेत्रफल : 24000 वर्गमीटर
कंपनी : रोन्देवू होटल इन्टरनेशनल
प्लॉट नंबर : एच-8, सेक्टर-98
क्षेत्रफल : 24000 वर्गमीटर
कंपनी : स्विस बेल होटल
प्लॉट नंबर : एच-9, सेक्टर-98
क्षेत्रफल : 24000 वर्गमीटर
फोर स्टार
कंपनी :-मेट्रोविनी मेनेजमेंट लिमिटेड
प्लॉट संख्या : एच-1, सेक्टर-105
क्षेत्रफल : 12500 वर्गमीटर
थ्री स्टार
कंपनी : रायल आर्चिड होटल्स
प्लॉट संख्या : 124ए, सेक्टर-124
क्षेत्रफल : 7500 वर्गमीटर